छठ पर्व : होजाई में व्रतधारियों ने अस्ताचल गामी भगवान भास्कर को दिया अर्ध्य

थर्ड आई न्यूज

होजाई से निखिल कुमार मुन्दड़ा

आस्था,श्रद्धा,भक्ति व विश्वास का प्रतीक सूर्य षष्ठि महापर्व होजाई में धूमधाम के साथ आज मनाया गया। स्थानीय शिवबाड़ी स्थित सूर्य षष्ठि महोत्सव समिति, नूतन बाजार पोखरी स्थित श्री श्री सूर्य व्रत संचालन समिति के तत्वाधान में आज व्रतधारी श्रद्धालु व उनके परिवार के सदस्यगण उमंग व उत्साह के साथ गाजे-बाजे सहित घाट पर पहुंचे एवं अपने पहले से निर्धारित पूजा स्थल पर पूजन सामग्री प्रसाद को अच्छी तरह से रखकर धूप- दीप जलाकर भगवान सूर्य के अस्त होने का इंतजार करने लगे I सभी माताएं- बहनें तथा युवा भगवान का नाम मन ही मन ले रहे थे, ज्यों ही भगवान भास्कर अस्ताचल गामी हुए श्रद्धालुओं ने अर्ध्य के साथ साथ फल मूल पान सुपारी गन्ना आदि भगवान को समर्पित कर अपना पहला अर्ध्य पूरा किया I दोनों घाटों पर तोरण द्वार एवं बिजली की चकाचौंध रोशनी शोभा बढ़ा रहे थी। वहीं समितियों द्वारा भगवान सूर्य की प्रतिमा बनाई गई थी जहां भक्तों ने पूजा-अर्चना कर अपने को धन्य समझा। महिलाओं द्वारा गाये जा रहे छठ के गीतों ने माहौल में चार चांद लगा दिया। महापर्व पर कई लोग जल में खड़े अपनी मनौती के पूर्ण होने के लिए प्रार्थना कर रहे थे। वहीं कई महिलाएं पुरुष दंडवत प्रणाम करते हुए घाट पर आते हुए दिखाई पड़े I उनके पीछे पीछे उनके परिवार के सदस्य चल रहे थे।

वहीं स्थानीय शिवबाड़ी स्थित सूर्य षष्ठि महोत्सव समिति के सदस्य विनोद गुप्ता ने बताया कि हर साल सूर्य उपासना का महापर्व छठ हर्षोल्लास के साथ यहां मनाया जाता है। उन्होंने जानकारी दी कि इस बार समिति के सदस्यों ने सुप्रसिद्ध भोजपुरी गायिका शारदा सिन्हा को श्रद्धांजलि अर्पित की व उनकी आत्मा की सद्गति हेतु छठी मैया से प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *