लायंस उमंग ने विद्यालय को भेंट किया वाटर ट्रीटमेंट एवं कूलर प्लांट, स्वास्थ्य, स्वच्छता और छात्र कल्याण को समर्पित मेगा सेवा परियोजना का आयोजन

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 29 जून। महिलाओं की अग्रणी सामाजिक संस्था लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी उमंग एवं लियो क्लब ऑफ गुवाहाटी उमंग के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को छत्रीबाड़ी स्थित वाईडब्ल्यूसीए सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एक मेगा सेवा परियोजना का आयोजन किया गया। लायनिस्टिक वर्ष के अंतिम प्रमुख सेवा कार्यक्रमों में शामिल इस आयोजन के तहत विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए अनेक जनकल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया।

क्लब की जनसंपर्क अधिकारी पायल चड्ढा ने बताया कि अध्यक्ष बिमला कोचर के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “नीर” परियोजना के अंतर्गत वाटर ट्रीटमेंट प्लांट एवं वाटर कूलर प्लांट का उद्घाटन एवं लोकार्पण रहा। यह परियोजना स्वर्गीय पुष्पा देवी बांका एवं स्वर्गीय संगीता देवी खेमानी की पुण्य स्मृति में स्थापित की गई है। इस जनोपयोगी परियोजना को रितु बांका एवं संतोष बांका ने प्रायोजित किया। इसके माध्यम से विद्यालय के विद्यार्थियों को वर्षभर शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।

क्लब ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए प्रायोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए परियोजना की चेयरपर्सन रितु बांका के समर्पण और उत्कृष्ट कार्य की सराहना की।

क्लब की सचिव स्वाति चौधरी ने बताया कि “लायंस शी मैटर्स” परियोजना के अंतर्गत छात्राओं के बीच सैनिटरी नैपकिन वितरित किए गए तथा उन्हें मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इस पहल का उद्देश्य किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण के साथ-साथ स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

इसके अलावा “स्प्रेडिंग स्माइल्स” परियोजना के तहत विद्यार्थियों के बीच जूस वितरित किया गया, जिससे भीषण गर्मी के बीच बच्चों को राहत मिली। इस परियोजना के सफल संचालन के लिए चेयरपर्सन रितु बांका एवं लियो गौरव किल्ला के योगदान की विशेष सराहना की गई।

कार्यक्रम में आईपीडीजी सीमा गोयनका, लियो एमडीपी मयंक सुरेका, अध्यक्ष बिमला कोचर, लियो क्लब उमंग के अध्यक्ष युग चमड़िया, सचिव स्वाति चौधरी, कोषाध्यक्ष रेणु अग्रवाल, अध्यक्ष (निर्वाचित) अनीता लोहिया, सरोज जालान, प्रियंका बेताला, अनीमा गोयल, सीमा सोनी, सविता गोयल, लिपिका मोदी, रीना गंगवाल, संगीता बड़जात्या, गौरव किल्ला, करण मोहता सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में कोषाध्यक्ष रेणु अग्रवाल ने सभी प्रायोजकों, सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग और सेवा भावना से यह जनहितकारी अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि लायंस उमंग भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सेवा से जुड़ी ऐसी जनकल्याणकारी परियोजनाओं को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *