संसद सत्र: अडाणी के मुद्दे पर विपक्ष का हंगामा,कार्यवाही स्थगित; दिल्ली की सुरक्षा पर AAP सांसदों का प्रदर्शन

थर्ड आई न्यूज

नई दिल्ली l संसद के शीतकालीन सत्र का शुक्रवार (29 नवंबर) को चौथा दिन है। कांग्रेस ने सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कांग्रेस सांसदों ने अडाणी मुद्दे पर हंगामा किया। हंगामे के बीच लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सभी सांसदों से शांत करने की अपील की। ओम बिरला ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को सहमति और असहमति जाहिर करने का अधिकार है। हालांकि, मुझे उम्मीद है कि विपक्षी सांसद, सदन को चलने देंगे। इसके बावजूद विपक्षी सांसद शांत नहीं हुए तो लोकसभा स्पीकर को सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।

राज्यसभा में भी अडाणी मुद्दे पर हंगामा :
अडाणी के मुद्दे पर शुक्रवार को राज्यसभा में भी हंगामा हुआ। विपक्षी सांसदों ने राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होने के साथ ही अडाणी का मुद्दा उठाया। कांग्रेस के सांसद शोर-गुल करने लगे। राज्यसभा के स्पीकर जगदीप धनखड़ ने विपक्षी सदस्यों को शांत कराने की कोशिश की। इसके बाद भी जब कांग्रेस और दूसरे विपक्षी सांसद शांत नहीं हुए तो सदन की कार्यवाही दो दिसंबर तक के लिए स्थगित कर दी।

बता दें कि बुधवार को राहुल गांधी ने अडाणी पर अमेरिका में 2 हजार करोड़ की रिश्वत देने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार उन्हें बचा रही है। बुधवार को संसद में प्रियंका गांधी ने वायनाड से सांसद पद की शपथ ली। उनके साथ उनकी मां सोनिया गांधी और भाई राहुल गांधी भी मौजूद थे।

AAP सांसदों ने किया प्रदर्शन :
शुक्रवार को दिल्ली की सुरक्षा का मुद्दा भी संसद में उठाया जा सकता है। सत्र शुरू होने से पहले आम आदमी पार्टी के सांसदों ने प्रदर्शन किया। आप सांसदों ने कहा कि दिल्ली में लगातार कानून व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। संजय सिंह और राघव चड्ढा के साथ ही पार्टी के दूसरे सांसदों ने हाथ में तख्ती लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

अडाणी और संभल हिंसा का मुद्दा उठा :
सत्र में अडाणी और संभल हिंसा जैसे मुद्दों पर बहस जारी है। संभल में हुई हिंसा का मुद्दा भी संसद में उठाया गया। सपा के सांसद राम गोपाल यादव ने संसद भवन पहुंचने पर कहा कि सरकार संभल, मणिपुर और अडाणी के मुद्दे पर बहस से भाग रही है। सरकार चाहती ही नहीं है कि सइन चले। ऐसे में सदन कैसे चलेगा। अजमेर दरगाह के मुद्दे पर कहा कि यह बेहद दुखद है, अगर इस तरह की कार्रवाई होने लगे तो दुनिया भर में हमारी बदनामी होगी।

सत्र में पेश होंगे कुल 16 विधेयक :
इस सत्र में कुल 16 विधेयक पेश होने हैं। इनमें से 11 पर चर्चा और 5 मंजूरी के लिए पेश किए जाएंगे। प्रियंका गांधी के शपथ लेने के बाद कांग्रेस में नए जोश की लहर है। वायनाड से उपचुनाव जीतकर प्रियंका ने लोकसभा में प्रवेश किया। उनके साथ नांदेड़ से कांग्रेस के नवनिर्वाचित सांसद रविंद्र चव्हाण ने भी शपथ ली। प्रियंका गांधी ने हाथ में संविधान की प्रति लेकर अपने पद की शपथ ली

सोशल मीडिया पर अश्विनी वैष्णव का बयान :
सत्र के दौरान केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया पर वल्गर कंटेंट रोकने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मौजूदा कानून पर्याप्त नहीं हैं। उन्होंने संसद से इस विषय पर सख्त कानून बनाने की अपील की। उनके इस बयान पर सांसदों ने सहमति जताई। सोशल मीडिया की वर्तमान स्थिति को देखते हुए यह कानून देश के लिए बेहद जरूरी बताया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *