Header Advertisement     

संसद सत्र: राहुल गांधी के अंगूठा काटने वाले बयान पर अनुराग ठाकुर का हमला, बोले- कांग्रेस ने सिखों के गले काटे

थर्ड आई न्यूज

नई दिल्ली l आज यानी शनिवार को संसद सत्र के शीतकालीन सत्र के 15वें दिन संविधान पर लगातार दूसरे दिन चर्चा हुई। इस दौरान राहुल गांधी और अनुराग ठाकुर के बीच तीखी नोंक- झोंक हुई। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने यूपी में कानून व्यवस्था और पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार को घेरा। राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर युवाओं और गरीबों का ‘अंगूठा काटने’ का आरोप लगाया। इस पर अनुराग ठाकुर ने पलटवार करते हुए कांग्रेस पर सिखों के गले काटने का आरोप लगाया। इसके बाद कांग्रेस सांसदों ने हंगामा करना शुरू कर दिया।

संसद में ‘अंगूठा काटने’ का मुद्दा गरमाया :
राहुल गांधी ने संसद में एकलव्य और द्रोणाचार्य की कहानी सुनाई। उन्होंने कहा कि जैसे एकलव्य का अंगूठा काटा गया था, वैसे ही आज सरकार युवाओं और गरीबों का हुनर छीन रही है। राहुल गांधी ने कहा कि सरकारी नीतियां, जैसे अग्निवीर और पेपर लीक, युवाओं के सपनों को बर्बाद कर रही हैं। राहुल ने कहा कि अडाणी और अंबानी को लाभ पहुंचाने के लिए सरकार छोटे कारोबारियों और किसानों का नुकसान कर रही है।

अनुराग ठाकुर का राहुल गांधी पर पलटवार :
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संविधान की बात करते हैं, संविधान को जेब में लेकर चलते हैं। हालांकि, उन्हें यह तक नहीं पता कि इसमें कितने पन्ने हैं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि गांधी परिवार पर संविधान का उल्लंघन किया।अनुराग ने सिख दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने सिखों के गले काटे और आज अंगूठा काटने की बात करती है। अनुराग ठाकुर ने इंदिरा गांधी के आपातकाल का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय लोकतंत्र की हत्या की गई थी।

हाथरस मामले का किया जिक्र :
राहुल गांधी ने हाथरस की घटना का जिक्र करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चार साल पहले एक लड़की के साथ गैंगरेप हुआ था, लेकिन आज भी अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं। वहीं, पीड़िता का परिवार अपने ही घर में बंद है। राहुल ने यूपी सरकार पर वादा तोड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि पीड़िता के परिवार को अब तक रिलोकेशन नहीं मिला। उन्होंने कहा कि यह संविधान के खिलाफ है और सरकार की विफलता को दिखाता है।

देश संविधान से चलेगा मनुस्मृति से नहीं :
राहुल गांधी ने कहा कि संविधान देश की आत्मा है। राहुल गांधी ने कहा कि यह दस्तावेज गांधी, अंबेडकर और नेहरू के विचारों का प्रतीक है। राहुल ने कहा कि संघ और सावरकर की विचारधारा संविधान के खिलाफ है। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि देश मनुस्मृति से नहीं संविधान से चलेगा। कांग्रेस सांसद ने कहा कि यूपी में संविधान नहीं मनुस्मृति लागू है। राहुल गांधी ने कहा कि यह सरकार संविधान की मूल धारणा को खत्म करना चाहती है। विपक्ष संविधान की रक्षा के लिए हर कदम उठाएगा और लोकतंत्र को मजबूत करेगा।

हम जातिगत जनगणना करवाएंगे :
राहुल गांधी ने कहा कि इंडिया गठबंधन की विचारधारा संविधान की रक्षा करती है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हम 50% आरक्षण की सीमा को तोड़ेंगे और जातिगत जनगणना को लागू करेंगे। राहुल ने कहा कि सरकार ने गरीबों, दलितों और आदिवासियों के अधिकार छीने हैं। कांग्रेस सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार राजनीतिक और आर्थिक असमानता पैदा कर रही है। राहुल ने कहा कि संस्थानों पर कब्जा कर लिया गया है और अब युवाओं का भविष्य खतरे में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *