पंचायत चुनाव में मुख्यमंत्री हिमंत की हुंकार : “मोदी सबके साथ, आतंकवाद हमारा दुश्मन”

थर्ड आई न्यूज
होजाई से रमेश मुंदड़ा
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने आज होजाई जिले के शंकरदेव नगर खेल मैदान में आयोजित एक विशाल जनसभा में भाजपा के लिए जनसमर्थन जुटाते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिंदू और मुसलमान – सभी के साथ हैं। हमारा असली दुश्मन आतंकवाद है, न कि कोई धर्म।” उन्होंने स्पष्ट किया कि “जो भी व्यक्ति अपने देश से सच्चा प्रेम करता है, वह आतंकवाद का समर्थन नहीं कर सकता।”
पंचायत चुनाव प्रचार के तहत आयोजित इस सभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार कार्य के प्रति प्रतिबद्ध है, न कि खोखले वादों के भरोसे चलने वाली पार्टी। उन्होंने कहा कि हर चुनाव भाजपा के लिए बेहद अहम होता है, क्योंकि यह जनता की सेवा करने का एक अवसर है।
मुख्यमंत्री ने जनता को संबोधित करते हुए कहा:
राशन कार्ड: पहले केवल चावल मिलते थे, अब 5 लाख रुपये तक की चिकित्सा सुविधा दी जा रही है।
1 अक्टूबर 2025 से राशन कार्ड धारकों को चावल के साथ चीनी, दाल और नमक भी मिलेगा।
रसोई गैस के दाम जल्द घटाए जाएंगे।
1 अप्रैल 2025 से बिजली दरों में ₹1 प्रति यूनिट की कटौती की जा चुकी है।
डेढ़ लाख से अधिक युवाओं को नौकरियाँ मिल चुकी हैं, आगे भी नौकरियों के अवसर बढ़ेंगे।
सभी नौकरियाँ योग्यता के आधार पर, बिना किसी भ्रष्टाचार के प्रदान की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि “कांग्रेस सरकार ने धोती, लुंगी, कंबल, मच्छरदानी और सूता बाँटकर गरीबों की आकांक्षाओं का अपमान किया।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने युवाओं को रोजगार देने में गंभीरता नहीं दिखाई।
सभा में मुख्यमंत्री के साथ होजाई विधायक रामकृष्ण घोष, लामडिंग विधायक शिबू मिश्रा, पूर्व विधायक शिलादित्य देव, संख्य लघु उन्नयन बोर्ड के अध्यक्ष हव्वीव मोहम्मद चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष दिलीप धार सहित अनेक भाजपा नेता मंच पर उपस्थित थे।
गौरतलब है कि होजाई में पंचायत चुनाव का दूसरा चरण 7 मई 2025 को संपन्न होगा। भीषण गर्मी के बावजूद जनसभा में भारी भीड़ उमड़ी, जिससे भाजपा की जनस्वीकृति का संकेत मिलता है।