पूप्रमायुमं की नई कार्यकारिणी की पहली बैठक में गुवाहाटी शाखा को मिली कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां

थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी I पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी युवा मंच (पूप्रमायुमं) की नवगठित कार्यकारिणी की प्रथम बैठक हाल ही में तेजपुर शाखा के आतिथ्य में आयोजित की गई। इस बैठक में प्रांतीय अध्यक्ष राज चौधरी ने गुवाहाटी शाखा के कई सदस्यों को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे, जो शाखा की मजबूत संगठनात्मक क्षमताओं और सक्रियता का परिचायक है।
बैठक के दौरान गुवाहाटी शाखा के पूर्व अध्यक्ष मोहित मालू को प्रांतीय उपाध्यक्ष के पद पर निर्वाचित किया गया। उल्लेखनीय है कि मालू ने प्रांतीय उपाध्यक्ष पद का चुनाव जीता था I पूर्व शाखाध्यक्ष सूरज जैन को प्रांतीय संयुक्त सचिव और निवर्तमान प्रांतीय उपाध्यक्ष मितेश सुराना को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं, निवर्तमान शाखा मंत्री रमेश पारीक को प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया।
प्रांतीय अनुशासन समिति में भी गुवाहाटी शाखा का उल्लेखनीय प्रतिनिधित्व रहा। पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष संजीव गोयल को समिति का अध्यक्ष और पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजीव चांडक को सदस्य बनाया गया। इसी तरह, प्रांतीय रक्त समिति में गुवाहाटी शाखा के वरिष्ठ सदस्य बजरंग सुराना, प्रियंक जालान और नवीन मालू को शामिल किया गया है।
इसके अतिरिक्त, पूर्व प्रांतीय उपाध्यक्ष (मुख्यालय) प्रमोद अग्रवाल और वरिष्ठ सदस्य मनीष खाटुवाला को स्थायी आमंत्रित सदस्य के रूप में नामित किया गया है। यह नियुक्तियाँ गुवाहाटी शाखा की संगठन के प्रति निष्ठा, सेवाभाव और सक्रिय योगदान को प्रांतीय स्तर पर मिली मान्यता का प्रतीक हैं।
कार्यकारिणी बैठक के दौरान मंच और संविधान पर आधारित क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें गुवाहाटी शाखा के निवर्तमान शाखा मंत्री एवं प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य रमेश पारीक ने प्रथम स्थान हासिल कर शाखा का गौरव बढ़ाया।
उक्त जानकारी शाखा के जनसंपर्क अधिकारी लखन वर्मा ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।