दिल्ली बम विस्फोट की निंदा में पूर्वोत्तर हिंदुस्तानी सम्मेलन का वक्तव्य

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी, 11 नवम्बर I पूर्वोत्तर हिंदुस्तानी सम्मेलन (पूहिस) ने सोमवार को दिल्ली के तिलक नगर मेट्रो स्टेशन पर हुए भीषण बम विस्फोट की कड़ी निंदा की है। सम्मेलन के महासचिव एस पी राय ने अपने वक्तव्य में कहा कि आतंकवादी कृत्य किसी भी सभ्य समाज में अस्वीकार्य हैं और ऐसे जघन्य हमले मानवता के विरुद्ध हैं।

उन्होंने कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना न केवल अमानवीय है, बल्कि यह देश की शांति, सौहार्द और एकता पर सीधा प्रहार है। उन्होंने इस हमले में मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उनके परिजनों के प्रति सहानुभूति जताई और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

एस पी राय ने आगे कहा कि इस प्रकार के आतंकवादी हमलों का उद्देश्य समाज में भय, असुरक्षा और अस्थिरता फैलाना है, किंतु भारत जैसे मजबूत और सजग राष्ट्र को ऐसे कायराना कृत्य झुका नहीं सकते। उन्होंने केंद्र एवं दिल्ली सरकार से मांग की कि इस घटना की पूरी जांच कर दोषियों को शीघ्र कठोरतम सजा दी जाए।

सम्मेलन ने सुरक्षा एजेंसियों से भी आह्वान किया कि वे सतर्कता बढ़ाएं और आम नागरिकों को सुरक्षा का विश्वास दिलाएं। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में पूरा हिंदुस्तानी समाज एकजुट है और देश की एकता, अखंडता तथा मानवता की रक्षा के लिए संकल्पित है।

अंत में, पूर्वोत्तर हिंदुस्तानी सम्मेलन ने सभी नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि आतंक का जवाब एकता और दृढ़ता से ही दिया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *