होजाई में शोक की लहर: समाजसेवी राधेश्याम सराफ पंचतत्व में विलीन

थर्ड आई न्यूज

होजाई से रमेश मुंदड़ा

होजाई के प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं समाजसेवी राधेश्याम सराफ (68) के निधन से शहर में शोक की लहर फैल गई। वे मारवाड़ी युवा मंच, होजाई शाखा के पूर्व अध्यक्ष अंकुर सराफ के पिता थे। पिछले कई महीनों से अस्वस्थ चल रहे राधेश्याम सराफ ने आज सुबह अंतिम सांस ली।

राधेश्याम सराफ अपने सादगीपूर्ण जीवन, निडर स्वभाव और स्पष्टवादी व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे। वे विभिन्न सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाते थे तथा समाजसेवा में हमेशा अग्रणी रहते थे। जुगल किशोर केडिया रोड स्थित भारतीय दुर्गा पूजा समिति के संस्थापक सदस्यों में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।

गुरुजनों के प्रति सम्मान और उनसे आशीर्वाद प्राप्त करना उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा था। उनके निधन की खबर से परिजनों, शुभचिंतकों और समाज के लोगों में गहरा दुख व्याप्त हो गया।

अपराह्न उनकी अंतिम यात्रा जुगल किशोर केडिया रोड स्थित उनके निवास से निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अंतिम यात्रा भूतनाथ श्मशान घाट पहुंची, जहां उनके पुत्र अंकुर सराफ ने नम आंखों से अपने पिता को मुखाग्नि दी।

वे अपने पीछे धर्मपत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और कहा कि राधेश्याम सराफ अपनी स्पष्टवादिता और सेवा भावना के लिए हमेशा याद किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *