होजाई में भाजपा प्रत्याशी शिलादित्य देव की ऐतिहासिक जीत, समर्थकों में जश्न का माहौल

थर्ड आई न्यूज

होजाई से रमेश मुंदड़ा

होजाई विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी शिलादित्य देव ने कांग्रेस उम्मीदवार झिल्ली चौधुरी को 66,701 वोटों के बड़े अंतर से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद पूरे होजाई में उत्साह और जश्न का माहौल देखने को मिला।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय श्रीमंत शंकरदेव नगर से लेकर शहर के विभिन्न हिस्सों तक विजय रैली निकालकर जीत का उत्सव मनाया। इस दौरान समर्थकों ने पटाखे फोड़कर और नारेबाजी कर खुशी जाहिर की।

अपनी जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए शिलादित्य देव ने इस सफलता का श्रेय क्षेत्र की जनता को दिया। उन्होंने कहा कि मतदाताओं के विश्वास और समर्थन के कारण ही उन्हें इतनी बड़ी जीत हासिल हुई है। उन्होंने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।

जीत के बाद शिलादित्य देव ने कहा कि आने वाले दिनों में होजाई के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से राजागांव और 1 नंबर काकी जैसे क्षेत्रों में नई विकास योजनाओं और परियोजनाओं पर ध्यान केंद्रित करने की बात कही।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका लक्ष्य केवल वादे करना नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर विकास कार्यों को गति देना है। शिलादित्य देव ने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता होगी और वे क्षेत्र को नई पहचान दिलाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।

चुनाव परिणाम के बाद स्थानीय लोगों में भी काफी उत्साह है। नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि शिलादित्य देव के नेतृत्व में होजाई विधानसभा क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *