प्राग्ज्योतिषपुर मेडिकल कॉलेज में ‘अमृत धारा’ पेयजल सेवा शुरू, मारवाड़ी युवा मंच की सराहनीय पहल
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी। मारवाड़ी युवा मंच, गुवाहाटी ग्रेटर शाखा ने समाज सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बीरुबाड़ी स्थित प्राग्ज्योतिषपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में ‘अमृत धारा’ पेयजल सेवा परियोजना का विधिवत उद्घाटन किया।
यह सेवा कार्य सागरमल लुंकड़, चंचल देवी लुंकड़ एवं पुखराज लुंकड़ परिवार के विशेष सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत में शाखा अध्यक्ष शिव कुमार मोर ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज जैसे संस्थानों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि ‘अमृत धारा’ परियोजना के माध्यम से प्रतिदिन अस्पताल आने वाले सैकड़ों मरीजों, उनके परिजनों और चिकित्सा कर्मियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
कार्यक्रम का संचालन सचिन गोयल ने किया। इस अवसर पर जनकल्याण में योगदान के लिए सागरमल लुंकड़ को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही चंचल देवी लुंकड़, कॉलेज के प्राचार्य प्रो. बी. के. बैश्य और अधीक्षक प्रो. पूर्णिमा बरुआह को भी सम्मानित किया गया।
प्राचार्य प्रो. बी. के. बैश्य, अधीक्षक प्रो. पूर्णिमा बरुआह और प्रांतीय कोषाध्यक्ष मितेश सुराना ने अपने संबोधन में मंच की इस सेवा भावना की सराहना की। संस्थापक अध्यक्ष रितेश खटेड़ ने लुंकड़ परिवार का परिचय प्रस्तुत किया। इसके बाद पुखराज लुंकड़ और सागरमल लुंकड़ ने अपने विचार व्यक्त किए।
कोषाध्यक्ष अरविन्द खेमका ने बताया कि कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष महेंद्र सेठिया और हितेश चोपड़ा भी उपस्थित रहे, जबकि रवि गोयल का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम के अंत में प्रभात हरलालका ने सभी अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। यह जानकारी जनसंपर्क अधिकारी प्रतीक अग्रवाल द्वारा दी गई।

