शिशु निकेतन एचएस स्कूल में मेधावी विद्यार्थियों का अभिनंदन, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राएं सम्मानित

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 16 मई। नारायण नगर स्थित शिशु निकेतन हायर सेकेंडरी स्कूल में शुक्रवार को माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय सचिव प्रदीप जैन, प्रबंधन समिति के कोषाध्यक्ष कृष्ण कुमार लोहिया, प्रधानाचार्या रीना भौमिक, उप प्रधानाचार्या सरवरी दास, प्रबंधन समिति के सदस्य, अभिभावक, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत संबोधन से हुई। प्रधानाचार्या रीना भौमिक ने सभी का अभिनंदन करते हुए विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन के नए चरण में नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

मुख्य अतिथि प्रदीप जैन ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि सफलता का आधार निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के प्रति सजग रहने तथा विषय चयन और करियर का निर्णय सोच-समझकर लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय से बाहर की दुनिया प्रतिस्पर्धा से भरी हुई है, जहां अपनी पहचान बनाना चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन असंभव नहीं।

समारोह के दौरान कनिष्ठ विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। गीत एवं नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक परीक्षा में प्रथम श्रेणी तथा विशिष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को फूलाम गमछा, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया।

उप प्रधानाचार्या सरवरी दास ने विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और शिक्षकों के मार्गदर्शन को जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया। शिक्षकों एवं अभिभावकों ने भी विद्यार्थियों को मेहनत, नैतिकता, अनुशासन और शिक्षकों के सम्मान के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

अंत में वरिष्ठ शिक्षिका द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया तथा राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *