वेद मंत्रों के बीच गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश, ‘ग्रीन अर्थ सेमिनार’ संपन्न, विश्व पर्यावरण दिवस पर विद्यार्थियों ने प्रकृति संरक्षण का लिया संकल्प

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर असम वेद विद्यालय में ‘इवेंट्स इन्फिनिटी’ द्वारा आयोजित ‘ग्रीन अर्थ सेमिनार’ उत्साह और जागरूकता के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य भावी पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ, जिससे पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मक वातावरण से सराबोर हो उठा। सेमिनार का संचालन अभिनेता अक्की अवकाश जैन जम्मड़ ने किया।

विशेष अतिथि ज्योतिर्मय हजारिका ने पर्यावरण की वर्तमान चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से ‘रिड्यूस, रीयूज़ और रीसायकल’ के सिद्धांत को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक दिन का विषय नहीं, बल्कि जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए।

कार्यक्रम में असम वेद विद्यालय के सामवेद आचार्य अवनीश कुमार तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ विद्यालय के 35 से अधिक विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

चर्चा सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने वृक्षारोपण, जैव विविधता संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। कई विद्यार्थियों ने प्रभावशाली वक्तव्य प्रस्तुत कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया तथा पर्यावरण के प्रति अपनी चिंता और जिम्मेदारी को साझा किया।

शाम 5 बजे से 7 बजे तक चले इस सेमिनार के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

आयोजकों ने कहा कि प्रकृति और मानव जीवन का संबंध अटूट है। ऐसे कार्यक्रम समाज में पर्यावरणीय चेतना को मजबूत करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *