लखीमपुर में अभिभावक मंत्री केशव महंत ने की बाढ़ तैयारियों की समीक्षा, विभागों को समन्वय और सतर्कता के निर्देश

थर्ड आई न्यूज

लखीमपुर से बाबु देव पांडे

लखीमपुर जिले के अभिभावक मंत्री का दायित्व संभालने के बाद राज्य के राजस्व, आपदा प्रबंधन, सामान्य प्रशासन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा जलवायु परिवर्तन मंत्री केशव महंत ने शुक्रवार को पहली बार लखीमपुर जिला आयुक्त कार्यालय के सभागार में जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की बाढ़ तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने बाढ़ एवं नदी कटाव की रोकथाम के लिए जलसंसाधन विभाग सहित संबंधित विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों का भी जायजा लिया।

बैठक के प्रारंभ में जिला प्रशासन की ओर से संभावित बाढ़ स्थिति से निपटने के लिए की गई तैयारियों का प्रस्तुतीकरण दिया गया। मंत्री केशव महंत ने राजस्व चक्र अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे जलसंसाधन, कृषि तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से क्षेत्रीय निरीक्षण करें और जिले के वास्तविक बाढ़ प्रभावित एवं बाढ़ प्रवण गांवों की सही संख्या का आकलन प्रस्तुत करें, ताकि परिस्थितियों के अनुरूप प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

उन्होंने बाढ़ के दौरान स्थापित किए जाने वाले राहत शिविरों एवं आदर्श राहत शिविरों में पेयजल, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन क्षेत्रों में नदी कटाव की समस्या गंभीर है, वहां तत्काल प्रभाव से कटाव रोधी उपाय अपनाने पर भी जोर दिया।

मंत्री ने कहा कि आगामी विधानसभा बजट सत्र के उपरांत वे अभिभावक मंत्री के रूप में जिले में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास परियोजनाओं और योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करेंगे। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी कारण से विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए केशव महंत ने राजस्व चक्र अधिकारी कार्यालयों एवं खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) कार्यालयों को शिकायत-मुक्त कार्यालय बनाने पर बल दिया, ताकि आम नागरिकों को सरकारी सेवाएं प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

उन्होंने बाढ़ जैसी आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा हर परिस्थिति के लिए सतर्क एवं तैयार रहने के निर्देश दिए।

बैठक में लखीमपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक मानव डेका, रंगानदी विधानसभा क्षेत्र के विधायक ऋषिराज हजारिका, नावबोइचा विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. जयप्रकाश दास, लखीमपुर जिला परिषद की अध्यक्ष कृष्णाधर सेन, लखीमपुर नगरपालिका की अध्यक्ष सोनिया बरगोहाईं, जिला आयुक्त प्रणवजीत काकति, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुणींद्र डेका सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *