मायुमं: 92 महिलाओं ने किया रक्तदान, ‘पिंक डोनेशन 4.0’ बना महिला सशक्तिकरण का प्रतीक

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी, 14 जून। मारवाड़ी युवा मंच, गुवाहाटी ग्रेटर शाखा द्वारा आयोजित महिला रक्तदान महाअभियान “पिंक डोनेशन 4.0” तेरापंथ धर्मस्थल में उत्साहपूर्वक एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। “म्हारी छो छोरों से कम कोनी” की भावना को साकार करते हुए महिलाओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान कर समाज को प्रेरणादायी संदेश दिया।

इस अनूठे आयोजन में 50 से अधिक सामाजिक, सांस्कृतिक एवं व्यावसायिक संस्थाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में मध्य गुवाहाटी के पार्षद विजय गुप्ता, डिप्टी मेयर स्मिता राय, असम सरकार की डिप्टी सेक्रेटरी मनाली जैन, वार्ड-15 के पार्षद सौरभ झुनझुनवाला तथा वार्ड-30 की पार्षद विनीता दत्त चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

इस वर्ष महिला रक्तदान को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। 600 से अधिक महिलाओं ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया, जिनमें से 92 महिलाओं ने सफलतापूर्वक रक्तदान कर एक नई मिसाल कायम की। महिलाओं की यह उल्लेखनीय भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि “म्हारी छोरियाँ छोरा स कम कोनी” केवल एक कहावत नहीं, बल्कि आज की सशक्त वास्तविकता है।

रक्त संग्रहण में गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मारवाड़ी अस्पताल तथा पल्स डायग्नोस्टिक्स की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं, कार्यक्रम को सफल बनाने में Trustner एवं PML ने मुख्य प्रायोजक के रूप में विशेष सहयोग प्रदान किया।

शाखा अध्यक्ष शिव कुमार मोर ने सभी महिला रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी समाज में रक्तदान के प्रति सकारात्मक जागरूकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि “पिंक डोनेशन” आज महिला सशक्तिकरण, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का एक सशक्त माध्यम बन चुका है।

रक्तदान संयोजक धीरज सुरेका ने बताया कि कार्यक्रम में शाखा के पूर्व अध्यक्षों, सलाहकारों, सदस्यों के परिवारजनों, चिकित्सकों एवं गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही और सभी ने इस अभियान की सराहना की।

इस अवसर पर पार्षद विजय गुप्ता ने मारवाड़ी युवा मंच, गुवाहाटी ग्रेटर शाखा की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल समाज में महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करती है। उन्होंने महिला रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में रक्तदान करने वाली सभी महिलाओं को Jooves Company की ओर से उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

उल्लेखनीय है कि “पिंक डोनेशन” अभियान की सफलता और लोकप्रियता को देखते हुए अब असम के विभिन्न जिलों में अनेक शाखाएं एवं सामाजिक संगठन भी इसी प्रकार के महिला रक्तदान अभियानों का आयोजन कर रहे हैं। यह पहल आज पूरे असम में महिला रक्तदान आंदोलन का स्वरूप लेती जा रही है।

यह जानकारी शाखा के जनसंपर्क अधिकारी प्रतीक अग्रवाल ने प्रदान की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *