‘योग से जोड़ें तन-मन-जीवन’ थीम पर पारीक समाज का भव्य योग सत्र संपन्न, एकता और स्वास्थ्य का दिया संदेश
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पारीक सभा, पारीक महिला परिषद एवं पारीक युवक परिषद के संयुक्त तत्वावधान में परशुराम सेवा सदन, गुवाहाटी में एक भव्य योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य, मानसिक शांति और आपसी एकता का संदेश प्रसारित करना रहा।
कार्यक्रम में पारीक सभा के अध्यक्ष दिनेश पारीक, सचिव अशोक जोशी, कोषाध्यक्ष नंद किशोर पारीक एवं उपाध्यक्ष शिवकुमार पारीक और मुकेश पारीक उपस्थित रहे। वहीं पारीक महिला परिषद की अध्यक्षा निशा पारीक, सचिव जया पारीक एवं कोषाध्यक्ष पूजा जोशी तथा पारीक युवक परिषद के अध्यक्ष दिनेश जोशी, सचिव परमेश्वर लाल पारीक एवं कोषाध्यक्ष प्रदीप पारीक की गरिमामयी उपस्थिति रही।
प्रख्यात योगाचार्य श्री निर्मल जी पुरोहित ने ‘योग से जोड़ें तन-मन-जीवन’ एवं ‘करें योग, रहें निरोग’ के संदेश के साथ उपस्थित जनों को विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि नियमित योग से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन संतुलित रहता है।
कार्यक्रम के संयोजक पवन पारीक एवं संयोजिका ज्योति पुरोहित ने बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को सकारात्मक दिशा देने वाली एक समग्र जीवनशैली है, जो समाज में एकता, भाईचारे और पारिवारिक मूल्यों को भी सुदृढ़ बनाती है।
इस अवसर पर विधायक विजय गुप्ता, वरिष्ठ समाजसेवी भंवरलाल पुरोहित, भाजपा नेता मुकुता डेका, मुनमुन गोस्वामी, पार्षद शंकर चक्रवर्ती सहित बड़ी संख्या में समाज बंधु, मातृशक्ति, युवा साथी एवं बच्चों ने सफेद योग वेशभूषा में सपरिवार भाग लिया। सभी ने एक साथ योगाभ्यास कर ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना को साकार करते हुए अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को यादगार एवं प्रेरणादायी बनाया।

