होजाई में उत्साहपूर्वक मनाया गया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने का संदेश

थर्ड थर्ड न्यूज

होजाई से रमेश मुन्दड़ा

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को होजाई जिले में जिला प्रशासन के तत्वावधान में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ बुजुर्गों के लिए योगासन” रही, जिसके तहत लोगों को नियमित योगाभ्यास के महत्व से अवगत कराया गया।

मुख्य कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन द्वारा किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कोलकाता से प्रसारित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के साथ समवेत रूप से योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। नटराज योग विज्ञान महाविद्यालय के प्रशिक्षित योग शिक्षकों के निर्देशन में आयोजित योग सत्र में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ होजाई के जिला आयुक्त देव प्रसाद मिश्र द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वी.वी. राकेश रेड्डी, अतिरिक्त जिला आयुक्त पूजा दास एवं निलाक्षी वैश्य, सहायक आयुक्त डॉ. विभूति संदीकोई और रुबू बोरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रूपम बरदोलोई सहित जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

योग कार्यक्रम में जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

इसके अलावा गीता आश्रम, होजाई म्युनिसिपल बोर्ड, होजाई खेल संस्था, होजाई जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तथा होजाई जिला वरिष्ठ नागरिक संस्था सहित विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक संगठनों द्वारा भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।

वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है। नियमित योगाभ्यास शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक शांति और सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने सभी लोगों से योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

योग दिवस के अवसर पर जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वस्थ, समृद्ध और तनावमुक्त जीवन के लिए नियमित योगाभ्यास अपनाने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *