विश्व योग दिवस के अवसर पर बंगाईगांव मारवाड़ी सम्मेलन,महिला शाखा द्वारा योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन
थर्ड आई न्यूज़
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मारवाड़ी सम्मेलन, बंगाईगांव महिला शाखा द्वारा लोगों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक विशेष योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन गत रविवार को किया गया। इस अवसर पर महिला शाखा की सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया तथा समाज के लोगों से नियमित रूप से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में महिला शाखा की अध्यक्षा श्मंजू दुगड़, सचिव चंदा भंसाली सहित शाखा की 12 अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं। सभी ने प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया तथा योग के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रकृति योगस्थल के संचालक का फूलोम गमछा से स्वागत किया गया तथा उन्हें सप्रेम भेंट दी गयी। योगस्थल के सहयोगियों द्वारा अत्यंत सरल एवं व्यवस्थित ढंग से योग का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। उन्होंने उपस्थित सभी महिलाओं को योगासन की सही विधियों से अवगत कराया तथा बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन संतुलित रहता है। उन्होंने सभी से प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकालने का आग्रह भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला शाखा की अध्यक्षा श्रीमती मंजू दुगड़ ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती व्यस्तता, तनाव एवं अनियमित जीवनशैली के कारण अनेक प्रकार की शारीरिक एवं मानसिक समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। ऐसे समय में योग एक सरल, सुरक्षित एवं प्रभावी माध्यम है, जो न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मन को भी सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित सदस्याओं ने नियमित योगाभ्यास करने तथा अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी योग के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। महिला शाखा ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के आयोजन समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और योग को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

