मां बगला सेवा समिति के भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, विधायक विजय गुप्ता ने की अन्न सेवा, जीएमडीए अध्यक्ष वीरा तालुकदार ने भी किया दौरा, सेवा कार्यों की सराहना
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 22 जून। विश्वप्रसिद्ध अंबुबाची महायोग के अवसर पर कालीपुर क्षेत्र में आयोजित श्री श्री मां बगला सेवा समिति के छह दिवसीय भंडारे के तीसरे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। हजारों श्रद्धालु भक्तों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर आयोजन की सफलता में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
भंडारे के तीसरे दिन मध्य गुवाहाटी के विधायक डॉ. विजय कुमार गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में पहुंचे। समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश खंडेलवाल ने उन्हें फूलाम गमछा भेंट कर स्वागत किया, जबकि कार्यकारी अध्यक्ष सुभाष गर्ग ने गुलदस्ता देकर उनका अभिनंदन किया। समिति के सचिव रमेश कुमार शर्मा ने विधायक को समिति द्वारा संचालित सेवा कार्यों एवं भंडारे की व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी।
अपने संबोधन में विधायक डॉ. विजय कुमार गुप्ता ने समिति द्वारा पिछले कई वर्षों से निरंतर किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अंबुबाची महायोग के दौरान श्रद्धालुओं के लिए भोजन एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराना एक अत्यंत पुण्य और अनुकरणीय कार्य है। उन्होंने आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा बाद में स्वयं श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण कर अन्न सेवा में भाग लिया।
इस अवसर पर गुवाहाटी महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की अध्यक्ष वीरा तालुकदार ने भी भंडारा स्थल का दौरा किया। समिति के सचिव रमेश कुमार शर्मा ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया, जबकि समिति की ओर से सुधा मिश्रा ने फूलाम गमछा प्रदान कर उनका सम्मान किया।
वीरा तालुकदार ने समिति द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध भोजन एवं स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करना अत्यंत सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सेवाएं अंबुबाची मेले की आध्यात्मिक और सामाजिक परंपरा को और अधिक समृद्ध बनाती हैं।
कार्यक्रम के दौरान समिति के उपाध्यक्ष दीनदयाल गोयल, पवन अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, पवन शर्मा, विनोद जालान, गिरिधर गोपाल खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि मां बगला सेवा समिति पिछले लगभग 25 वर्षों से अंबुबाची महायोग के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा के लिए भंडारे का आयोजन कर रही है। इस वर्ष भी हजारों श्रद्धालु प्रतिदिन भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। समिति के प्रवक्ता योगेश मिश्र ने बताया कि आगामी दिनों में भी सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

