मुख्यमंत्री से मिले गौरव सोमानी, 3000 प्रोफेशनल्स को भाजपा से जोड़ने का लक्ष्य
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी, 29 जून। भाजपा असम प्रदेश प्रोफेशनल्स सेल के प्रदेश अध्यक्ष गौरव सोमानी ने सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा से मुख्यमंत्री कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य में संगठन को मजबूत बनाने, प्रबुद्ध वर्ग की भागीदारी बढ़ाने तथा प्रोफेशनल्स सेल की भावी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान गौरव सोमानी ने मुख्यमंत्री को प्रोफेशनल्स सेल की सांगठनिक गतिविधियों, जनसंपर्क अभियानों और भविष्य की रणनीति से संबंधित प्रगति रिपोर्ट सौंपी। उन्होंने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों, जैसे डॉक्टर, इंजीनियर, चार्टर्ड अकाउंटेंट, आईटी प्रोफेशनल, अधिवक्ता और प्रबंधन विशेषज्ञों सहित 3,000 से अधिक पेशेवरों को भारतीय जनता पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य भी साझा किया।
बैठक में मुख्यमंत्री के ‘विकसित असम’ के विजन को साकार करने में प्रबुद्ध और पेशेवर वर्ग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने प्रोफेशनल्स सेल के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य की गतिविधियों के लिए संगठन और सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक के बाद गौरव सोमानी ने कहा कि मुख्यमंत्री का मार्गदर्शन संगठन के लिए प्रेरणादायी है तथा प्रोफेशनल्स सेल राज्य के बौद्धिक और पेशेवर वर्ग को भाजपा से जोड़कर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा असम के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।

