वर्ष के अंत तक शुरू होगा अत्याधुनिक एमएमसीएच, असम के स्वास्थ्य क्षेत्र में आएगा बड़ा बदलाव: अशोक सिंघल

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी। असम सरकार के मंत्री अशोक सिंघल ने कहा है कि गुवाहाटी के पानबाजार स्थित महेंद्र मोहन चौधरी अस्पताल (एमएमसीएच) का नया परिसर इस वर्ष के अंत तक आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और जल्द ही इसे लोगों को समर्पित किया जाएगा।

अशोक सिंघल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में असम के स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक बदलाव हुए हैं। राज्य सरकार आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है, जिससे लोगों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

करीब 1,000 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित हो रहा एमएमसीएच राज्य के सबसे आधुनिक सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों में शामिल होगा। नए अस्पताल में 800 बिस्तरों, 100 आईसीयू बेड, अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर, उन्नत सर्जरी केंद्र, आधुनिक आपातकालीन सेवाएं तथा विभिन्न सुपर स्पेशियलिटी विभागों की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा मरीजों और उनके परिजनों के लिए भी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

सरकार का मानना है कि नए एमएमसीएच के शुरू होने से गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) पर मरीजों का दबाव काफी हद तक कम होगा। साथ ही असम और पूरे पूर्वोत्तर के लोगों को एक ही परिसर में उच्चस्तरीय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

राज्य सरकार गुवाहाटी को पूर्वोत्तर भारत के प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य से मेडिकल कॉलेजों का विस्तार, सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाओं का विकास और चिकित्सा अवसंरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

गौरतलब है कि नया महेंद्र मोहन चौधरी अस्पताल न केवल गुवाहाटी, बल्कि पूरे असम और पूर्वोत्तर क्षेत्र के मरीजों के लिए आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। इसके चालू होने के बाद गंभीर और जटिल बीमारियों के उपचार के लिए मरीजों को राज्य के बाहर जाने की आवश्यकता भी काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *