होजाई में गोरखा महिला समाज ने धूमधाम से मनाया तीज पर्व
थर्ड आई न्यूज
होजाई से रमेश मुंदड़ा
होजाई, 14 सितंबर। वृहत्तर होजाई क्षेत्र में रहने वाली नेपाली भाषी गोरखा महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों और हर्षोल्लास के साथ पवित्र तीज एवं हरितालिका पर्व मनाया। इस अवसर पर महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और पति की मंगलकामना के लिए विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान एवं व्रत किए।
तीज पर्व की परंपरा के अनुसार विवाहित बेटियों को उनके मायके (मातृगृह) बुलाया जाता है। भाद्रपद शुक्ल द्वितीया के दिन ‘दर खाने’ की परंपरा के तहत विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए गए। मायके पहुंची बेटियों ने परिवार के सदस्यों के साथ भोजन किया। इसके बाद आस-पड़ोस की महिलाओं के साथ मिलकर तीज के पारंपरिक गीत गाए और नृत्य कर पर्व की खुशियां साझा कीं।
भाद्रपद शुक्ल तृतीया के दिन महिलाओं ने पवित्र जलाशयों एवं नदियों में स्नान कर पति और परिवार की सुख-समृद्धि तथा मंगलकामना के लिए निर्जला व्रत रखा। इसी परंपरा के तहत होजाई गोरखा महिला समाज की सदस्याएं श्री सत्यनारायण मंदिर में एकत्र हुईं और भगवान महादेव एवं माता पार्वती की विधिवत पूजा-अर्चना की।
भाद्रपद शुक्ल द्वितीया से शुरू हुआ यह पर्व भाद्रपद शुक्ल पंचमी यानी ऋषि पंचमी के दिन सप्तर्षि पूजा के साथ संपन्न होगा।

