जेसीआई गुवाहाटी एंजल्स ने उत्साहपूर्वक मनाया जेसीआई सप्ताह

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी, 14 सितंबर। जेसीआई गुवाहाटी एंजल्स की ओर से जेसीआई सप्ताह के तहत सामुदायिक सम्मान, सदस्यता विस्तार, व्यावसायिक नेटवर्किंग और पारिवारिक जुड़ाव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया।

सप्ताह के अंतर्गत आयोजित ‘हीरोज एंड साइलेंट स्टार्स सम्मान दिवस’ के अवसर पर संगठन की टीम ने गुवाहाटी नगर निगम (जीएमसी) का दौरा किया। इस दौरान वहां कार्यरत माली, इलेक्ट्रीशियन, सफाईकर्मी, चौकीदार सहित अन्य सहायक कर्मचारियों को उनके समर्पण और योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें पारंपरिक गमछा एवं प्रेम और सम्मान के प्रतीक स्वरूप उपहार प्रदान किए गए।

इस पहल का नेतृत्व अध्यक्ष सुनीधि अग्रवाल, सचिव रेणु शर्मा एवं कोषाध्यक्ष मौसम अग्रवाल ने किया। पूनम मुरारका ने कार्यक्रम का समन्वय किया, जबकि संगठन के अन्य सदस्यों ने भी सक्रिय रूप से सहभागिता निभाई।

जेसीआई सप्ताह के सात दिवसीय चैलेंज के अंतर्गत ‘बिजनेस एवं नेटवर्क ग्रोथ डे’ भी मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम का उद्देश्य जेसीओएम को बढ़ावा देने के साथ-साथ सदस्यों के बीच सहभागिता, व्यावसायिक संपर्क और नेटवर्किंग को मजबूत करना था।

सदस्यता विस्तार दिवस के अवसर पर क्लब में पांच नए सदस्यों का स्वागत किया गया। इससे संगठन की सदस्य संख्या में वृद्धि के साथ उसकी कार्यक्षमता और मजबूत हुई।

इसी क्रम में फैमिली बॉन्डिंग डे भी मनाया गया। इस अवसर पर सदस्यों ने अपने परिवार के साथ आउटिंग तथा घर पर छोटे-छोटे आयोजनों के माध्यम से साथ समय बिताया और पारिवारिक जुड़ाव को मजबूत किया।

विभिन्न गतिविधियों से भरपूर सात दिवसीय जेसीआई सप्ताह का समापन उत्साह और हर्षोल्लास के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *