राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य कल होजाई दौरे पर, ‘नशा मुक्त भारत संकल्प पदयात्रा’ में होंगे शामिल
थर्ड आई न्यूज
होजाई से रमेश मुंदड़ा
असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य 30 सितंबर को होजाई जिले के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान वे ‘नशा मुक्त भारत संकल्प पदयात्रा’ अभियान के तहत रवींद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में आयोजित जन-जागरूकता कार्यक्रम में शामिल होंगे।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, नशे के खिलाफ जन-जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ, सशक्त और नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प को मजबूत करना है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल सुबह 9:40 बजे रवींद्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के नए परिसर पहुंचेंगे, जहां वे वृक्षारोपण करेंगे और ‘नशा मुक्त भारत संकल्प’ कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद सुबह 10:35 बजे विश्वविद्यालय के पुराने परिसर से ‘नशा मुक्त भारत संकल्प पदयात्रा’ निकाली जाएगी। पदयात्रा के बाद सुबह 11:15 बजे राज्यपाल पुराने परिसर में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे।
दोपहर 2 बजे राज्यपाल वारिगेडिंग गांव में वसंती मंदिर के समीप स्थित उपेन बिस्वास के निवास पर पहुंचेंगे। यहां आयोजित विशेष कार्यक्रम में वे एक वरिष्ठ नागरिक को सम्मानित करेंगे।
होजाई की प्रभारी जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी राखिश्री लेखारू ने राज्यपाल के दौरे की यह जानकारी दी।

