मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा ने जातीय विद्यालय में लगवाई ठंडे पानी की मशीन
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 8 मई 2026। मारवाड़ी सम्मेलन, गुवाहाटी शाखा के तत्वावधान में जोगीघोपा के काबायटारी स्थित जातीय विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के लिए ठंडे पानी की मशीन स्थापित की गई। लगभग 500 विद्यार्थियों वाले इस विद्यालय में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे शुरू हुआ।
कार्यक्रम में सम्मेलन के प्रांतीय उपाध्यक्ष राजेन्द्र हरलालका, मंडलीय उपाध्यक्ष सुशील गोयल, गुवाहाटी शाखा अध्यक्ष शंकरलाल बिरला, जनसेवा संयोजक प्रदीप भुवालका, मशीन के दानदाता महेंद्र मित्तल, विनोद जिंदल, प्रभाष अग्रवाल एवं पारीक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन समिति, प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों के बीच चॉकलेट और बिस्कुट वितरण से हुई। इसके बाद अतिथियों का पारंपरिक फुलाम गमछा पहनाकर स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में शंकरलाल बिरला ने कहा कि प्रभाष अग्रवाल के आग्रह पर विद्यालय में ठंडे पानी की मशीन लगाने का निर्णय लिया गया था, जिसे महेंद्र मित्तल के सहयोग से साकार किया जा सका। उन्होंने कहा कि गुवाहाटी शाखा भविष्य में भी समाजोपयोगी कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी।
राजेन्द्र हरलालका ने असमिया भाषा में उपस्थित लोगों का अभिनंदन करते हुए कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्य समाज में आपसी सद्भाव और समन्वय को मजबूत करते हैं। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ने भी मारवाड़ी समाज की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक कार्यों में समाज की भूमिका सदैव प्रेरणादायक रही है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने आकर्षक बिहू नृत्य प्रस्तुत कर सांस्कृतिक रंग भी बिखेरे। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मात्र सात दिनों के भीतर विद्यार्थियों के लिए शुद्ध एवं ठंडे पानी की व्यवस्था करना अत्यंत सराहनीय पहल है।
जनसेवा संयोजक प्रदीप भुवालका ने बताया कि गुवाहाटी शाखा द्वारा अब तक विभिन्न स्थानों पर लगभग 25 ठंडे पानी की मशीनें स्थापित की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि समाज रक्तदान, नेत्रदान और अन्य सेवा कार्यों में भी निरंतर अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
विद्यालय प्रबंधन ने आगामी सितंबर माह में आयोजित होने वाले विद्यालय के रजत जयंती समारोह में उपस्थित होने का आमंत्रण भी दिया। इस अवसर पर महेंद्र मित्तल ने समारोह में शामिल होने तथा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए भोजन व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के अंत में फीता काटकर मशीन का विधिवत उद्घाटन किया गया। भीषण गर्मी के बीच विद्यार्थियों के लिए शुद्ध एवं शीतल जल की व्यवस्था को सभी ने मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

