दूसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे हिमंत विश्व शर्मा, NDA विधायक दल के नेता चुने गए
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी, 10 मई। असम की राजनीति में एक बार फिर हिमंत विश्व शर्मा का नेतृत्व कायम रहा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने रविवार को सर्वसम्मति से हिमंत विश्व शर्मा को असम विधानसभा में एनडीए विधायक दल का नेता चुन लिया। इसके साथ ही उनका लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनना लगभग तय हो गया है।
गुवाहाटी में आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने इसकी औपचारिक घोषणा की। केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में बैठक में मौजूद नड्डा ने बताया कि भाजपा के आठ विधायकों ने मुख्यमंत्री पद के लिए हिमंत विश्व शर्मा के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी सहयोगी दलों और विधायकों ने सर्वसम्मति से समर्थन दिया।
बैठक में सह-पर्यवेक्षक के रूप में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी उपस्थित रहे। भाजपा के सहयोगी दल असम गण परिषद (एजीपी) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) ने भी हिमंत के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए उनका समर्थन किया।
विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद हिमंत विश्व शर्मा और एनडीए के वरिष्ठ नेता आज लोक भवन में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात करेंगे। इस दौरान नई सरकार के गठन को लेकर चर्चा होगी और एनडीए सरकार बनाने का दावा पेश करेगी।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में संपन्न असम विधानसभा चुनाव में भाजपा नेतृत्व वाले एनडीए ने प्रचंड बहुमत हासिल करते हुए लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की है। 126 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने अकेले 82 सीटें जीतीं, जबकि सहयोगी दल एजीपी और बीपीएफ ने 10-10 सीटों पर जीत दर्ज की।

