अंतरराष्ट्रीय ब्राह्मण समाज के गठन की दिशा में पहल तेज, वैश्विक स्तर पर संगठन विस्तार, सांस्कृतिक संरक्षण और युवा सशक्तिकरण पर मंथन

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी। विश्वभर में फैले ब्राह्मण समाज को एक साझा मंच पर संगठित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए वरिष्ठ समाजबंधुओं की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर “अंतरराष्ट्रीय ब्राह्मण समाज” के गठन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई तथा समाज के संगठनात्मक विस्तार, सांस्कृतिक संरक्षण, युवा पीढ़ी को जोड़ने और वैश्विक स्तर पर प्रभावी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने इस बात पर बल दिया कि बदलते सामाजिक परिवेश में ब्राह्मण समाज को एक सशक्त, संगठित और सक्रिय मंच की आवश्यकता है, जो विश्वभर में रह रहे समाज के लोगों के बीच समन्वय स्थापित कर सके। साथ ही समाज की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए योजनाबद्ध प्रयास किए जाएं।

चर्चा के दौरान समाज के वैश्विक संगठन एवं विस्तार, सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण, शिक्षा एवं संस्कार आधारित युवा सशक्तिकरण, समाज के विभिन्न घटकों के बीच सहयोग एवं एकता को मजबूत बनाने तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने जैसे विषय प्रमुख रूप से सामने आए।

बैठक में यह भी कहा गया कि संगठन का उद्देश्य समाज के लोगों को एक सूत्र में पिरोना, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना तथा आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जोड़ना होगा। उपस्थित सभी सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि “संगठन ही शक्ति है और एकता समाज की सबसे बड़ी पूंजी है।”

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय ब्राह्मण समाज गठन समिति का मुख्य संरक्षक दिनेश शर्मा, राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार सोती, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री परेश पारीक तथा राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजकुमार कौशिक को नियुक्त किया गया । इस मौके पर जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि संगठन के अन्य पदाधिकारियों के नामों की घोषणा शीघ्र ही की जाएगी । सभा में मौजूद सदस्यों ने संगठन की भावी रूपरेखा पर अपने विचार रखे और समाज के सभी वर्गों से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संगठन की औपचारिक घोषणा की जाएगी तथा विभिन्न राज्यों और देशों में समाज के प्रतिनिधियों को जोड़कर एक व्यापक नेटवर्क तैयार किया जाएगा। उपस्थित सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि यह पहल समाज के संगठनात्मक सशक्तीकरण और सांस्कृतिक संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगी।

“एक समाज, एक संकल्प, एक भविष्य” के ध्येय के साथ बैठक का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *