लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी का निःशुल्क हेलमेट अभियान, बच्चों की सुरक्षा के लिए अनूठी पहल

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 8 जून। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ने अपने निःशुल्क हेलमेट वितरण अभियान के दूसरे चरण का आयोजन हाउकुची स्थित एनपीएस इंटरनेशनल स्कूल में किया। इस दौरान लगभग 50 विद्यार्थियों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए।

“बच्चों की सुरक्षा, भविष्य की रक्षा” थीम पर आधारित इस अभियान का उद्देश्य दोपहिया वाहनों पर यात्रा करने वाले बच्चों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अभिभावकों को भी हेलमेट के महत्व के प्रति प्रेरित करना है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी गई तथा हेलमेट के नियमित उपयोग के लिए प्रेरित किया गया। इस पहल को अभिभावकों से भी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। कई अभिभावकों ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा को केंद्र में रखकर किसी सामाजिक संस्था द्वारा इस प्रकार का अभियान चलाना अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक है।

एनपीएस इंटरनेशनल स्कूल के प्राचार्य गौतम गुहा ने अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि अपने 32 वर्षों के शैक्षणिक जीवन में उन्होंने बच्चों की सुरक्षा के लिए किसी गैर-सरकारी संगठन द्वारा इतनी संवेदनशील और व्यावहारिक पहल कम ही देखी है। उन्होंने कहा कि यह अभियान सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ बच्चों के जीवन की सुरक्षा के लिए भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

क्लब अध्यक्ष राजेश हंसारिया, सचिव
नरेश अग्रवाल तथा परियोजना प्रायोजक एवं संयोजक श्रवण सरावगी और साशी सरावगी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम को विद्यालय प्रशासन, अभिभावकों और विद्यार्थियों का भरपूर सहयोग मिला।

क्लब के जनसंपर्क अधिकारी संजय संथोलिया ने बताया कि अभियान का पहला चरण भांगागढ़ स्थित हिंदुस्तानी केंद्रीय विद्यालय में आयोजित किया गया था, जहां लगभग 100 विद्यार्थियों को हेलमेट वितरित किए गए थे। अभियान को मिली उत्साहजनक प्रतिक्रिया को देखते हुए इसे शहर के अन्य विद्यालयों तक भी विस्तारित करने की योजना बनाई गई है।

उन्होंने कहा कि यह पहल हेलमेट वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों और अभिभावकों में सुरक्षित यातायात व्यवहार विकसित करने का एक व्यापक प्रयास है। लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी भविष्य में भी इस प्रकार की जनहितकारी गतिविधियों के माध्यम से सामुदायिक सेवा और सामाजिक जागरूकता के कार्यों को आगे बढ़ाता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *