जिला गवर्नर पंकज पोद्दार के आधिकारिक दौरे में झलकी सेवा, लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर की विभिन्न सेवा कार्यों की हुई सराहना

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 8 जून। लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर के लिए रविवार का दिन सेवा, नेतृत्व, प्रेरणा और उत्सव का यादगार अवसर बन गया, जब डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन पंकज पोद्दार ने क्लब का आधिकारिक दौरा किया। दिनभर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों ने समाजसेवा के प्रति क्लब की प्रतिबद्धता और लायनवाद के उच्च आदर्शों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

दौरे की शुरुआत नारायण नगर स्थित हरियाणा भवन परिसर में संचालित क्लब के कौशल विकास केंद्र से हुई। केंद्र की अध्यक्षा लायन बबीता चौधरी और सलाहकार लायन नीरू काबरा ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए संचालित मेहंदी कला, सिलाई, केक निर्माण और ब्यूटीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से अनेक महिलाएं आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

क्लब अध्यक्ष लायन प्रकाश काबरा ने जिला गवर्नर का स्वागत किया। इस अवसर पर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छह लाभार्थियों को सिलाई मशीनें वितरित की गईं। इस पहल को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया।

इसके बाद जिला गवर्नर ने क्लब के नि:शुल्क स्थायी पुस्तकालय का अवलोकन किया। लायन पुरुषोत्तम गग्गर और लायन रूपा गग्गर ने पुस्तकालय की गतिविधियों तथा अध्ययन संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रयासों की जानकारी दी। जिला गवर्नर ने इस परियोजना की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी पहल बताया।

दोपहर में आयोजित बोर्ड बैठक में क्लब की प्रशासनिक गतिविधियों, अभिलेखों और सेवा परियोजनाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान जिला गवर्नर ने लायन्स इंटरनेशनल की वर्तमान गतिविधियों और भावी योजनाओं पर भी प्रकाश डाला तथा क्लब नेतृत्व को महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।

सायंकालीन सभा का शुभारंभ लायन नमिता कोठारी द्वारा प्रस्तुत मंगलाचरण से हुआ। इसके पश्चात लायन सुमित झवर के नेतृत्व में ध्वज वंदन संपन्न हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रम में लायन वंदना मिंडा हेडा, लायन मीनाक्षी माथुर और लायन अमिता मोर द्वारा प्रस्तुत राजस्थानी लोकनृत्य ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का संचालन लायन अरविंद केजरीवाल ने किया। कार्यक्रम अध्यक्ष लायन संजय छाबड़ा ने अतिथियों एवं सदस्यों का स्वागत किया। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रकाश काबरा ने क्लब की भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला, जबकि सचिव लायन रमेश जैन ने वर्षभर की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। एक प्रभावशाली पॉवरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से क्लब की विभिन्न सेवा परियोजनाओं और सामाजिक कार्यों का विवरण भी साझा किया गया।

अपने संबोधन में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन पंकज पोद्दार ने क्लब की सेवा गतिविधियों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने विशेष रूप से इंटरनेशनल हंगर सर्विस वीक के दौरान क्लब द्वारा चलाए गए दस दिवसीय सेवा अभियान का उल्लेख करते हुए इसे अनुकरणीय बताया और क्लब को “बेस्ट हंगर सर्विस अवॉर्ड” प्रदान करने की घोषणा की। इस अवसर पर अध्यक्ष लायन दीपक भजनका को इंटरनेशनल प्रेसिडेंट सर्टिफिकेट से सम्मानित किया गया। क्लब के सक्रिय सदस्यों एवं जनसंपर्क अधिकारी लायन जया पारीक को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर-इलेक्ट लायन मनोज भजनका, प्रथम उप जिला गवर्नर-इलेक्ट लायन राजेश अग्रवाल तथा रीजन चेयरपर्सन लायन रूपा गग्गर ने भी अपने विचार व्यक्त किए। जिला 322 जी के पदाधिकारियों तथा विभिन्न लायन्स क्लबों के सदस्यों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और गरिमामय बना दिया।

इस अवसर पर कक्षा 10 एवं 12 की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सदस्यों के बच्चों को भी स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

सभा के बाद लायन्स क्लब्स इंटरनेशनल की स्थापना वर्षगांठ तथा जून माह में जन्मदिन एवं वैवाहिक वर्षगांठ मना रहे सदस्यों का सामूहिक उत्सव मनाया गया। केक काटकर सभी को शुभकामनाएं दी गईं। अंत में स्नेहभोज का आयोजन किया गया।

क्लब के जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, यह दौरा सेवा, समर्पण, नेतृत्व और मित्रता की भावना का जीवंत उदाहरण रहा। कार्यक्रम ने क्लब की उपलब्धियों को नई पहचान देने के साथ-साथ समाजसेवा के प्रति उसके संकल्प को और अधिक सुदृढ़ किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *