अपनी चौपाल के तत्वावधान में विशाल वृक्षारोपण अभियान संपन्न, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी। सामाजिक एवं पर्यावरणीय गतिविधियों में अग्रणी संस्था “अपनी चौपाल” के तत्वावधान में स्थानीय ध्यान फाउंडेशन, गुवाहाटी चैप्टर के प्रांगण में एक विशाल वृक्षारोपण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व संस्था के मुख्य सलाहकार एवं प्रख्यात पर्यावरण प्रेमी अशोक थर्ड ने किया।

इस अवसर पर ध्यान फाउंडेशन के वरिष्ठ कार्यकर्ता रमेश पंसारी तथा संचालिका गायत्री देवी का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत फाउंडेशन परिसर में कृष्णचूड़ा के पौधों का रोपण किया गया। यह वृक्ष न केवल पर्यावरण की सुंदरता बढ़ाता है, बल्कि वायु की गुणवत्ता में सुधार लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए सक्रिय सहभागिता निभाई। साथ ही, पौधों की खरीद एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित गतिविधियों के लिए आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया।

इस अभियान की सफलता में प्रमिला थर्ड, सरोज मींडा एवं मीना गोयल सहित नारीशक्ति का विशेष योगदान रहा। संस्था के जनसंपर्क अधिकारी रतन खाखोलिया ने बताया कि वृक्षारोपण कार्यक्रम के साथ-साथ गौसेवा एवं सत्संग का भी आयोजन किया गया, जिससे इस पहल को आध्यात्मिक एवं सामाजिक आयाम प्राप्त हुआ।

ध्यान फाउंडेशन की संचालिका शगायत्री देवी ने सभी उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, “प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण तथा गौसेवा से बढ़कर कोई धर्म नहीं है। प्रत्येक व्यक्ति को इन कार्यों में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।”

कार्यक्रम के समापन अवसर पर आयोजित अल्पाहार के दौरान अशोक थर्ड ने अपने संबोधन में कहा कि समाज की सेवा ही मानव जीवन का सर्वोच्च उद्देश्य है। उन्होंने सभी से स्वस्थ, सक्रिय एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने तथा समाज और पर्यावरण के हित में निरंतर कार्य करते रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संस्था के सदस्यों एवं पर्यावरण प्रेमियों ने भाग लेकर इसे सफल बनाया तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी सामूहिक प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *