माँ कामाख्या के सान्निध्य में अम्बुबाची सेवा शिविर का शुभारंभ, ‘माँ सम्मान समारोह’ बना आकर्षण का केंद्र
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी। मारवाड़ी युवा मंच, गुवाहाटी ग्रेटर शाखा द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी माँ कामाख्या के पावन अम्बुबाची महोत्सव के अवसर पर सेवा शिविर का भव्य शुभारंभ किया गया। 21 जून 2026 को सायं 4 बजे आयोजित उद्घाटन समारोह में सेवा शिविर के शुभारंभ के साथ एक विशेष ‘माँ सम्मान समारोह’ का आयोजन भी किया गया, जिसने उपस्थित सभी जनों को भावुक एवं गौरवान्वित कर दिया।
शाखा अध्यक्ष शिव मोर ने अपने संबोधन में कहा कि यह दिन सभी के लिए अत्यंत सौभाग्य और गर्व का विषय है। माँ कामाख्या केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि सृष्टि, शक्ति, मातृत्व और सृजन की प्रतीक हैं। अम्बुबाची पर्व हमें नारी शक्ति और मातृत्व के सम्मान का संदेश देता है, जो भारतीय संस्कृति की मूल पहचान है।
कार्यक्रम के संयोजक केशव गट्टाणी एवं हर्ष खेमका ने बताया कि इस वर्ष सेवा शिविर को एक नई दिशा देते हुए सेवा और संस्कारों के अद्भुत समन्वय के रूप में ‘माँ सम्मान समारोह’ आयोजित किया गया। समारोह में शाखा के अनेक पूर्व अध्यक्षों एवं सदस्यों ने अपनी माताओं के चरण धोकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा मंच की ओर से उन्हें दुपट्टा एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में मातृशक्ति के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और संस्कारों की भावना को प्रोत्साहित करना था। उपस्थित सभी लोगों ने इस अनूठी पहल की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे भारतीय संस्कृति एवं पारिवारिक मूल्यों का जीवंत उदाहरण बताया।
उद्घाटन के साथ प्रारंभ हुआ यह सेवा शिविर संपूर्ण अम्बुबाची मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा में निरंतर सक्रिय रहेगा। शिविर में श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है, जिससे उन्हें मेले के दौरान आवश्यक सहयोग एवं सुविधा प्राप्त हो सके।
इस अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच की विभिन्न शाखाओं से भी बड़ी संख्या में सदस्यों ने उपस्थित होकर सेवा कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने सेवा, संस्कार और मातृ सम्मान के इस प्रेरणादायी संगम की सराहना की।
अंत में रवि गोयल ने सभी सदस्यों, दानदाताओं, सहयोगियों एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और समर्पण से ही यह सेवा कार्य सफल हो पा रहा है। उन्होंने विशेष रूप से युवा साथियों की सराहना की, जो अपनी ऊर्जा, सेवा भावना और समर्पण के साथ शिविर को सफल बनाने में निरंतर जुटे हुए हैं।
मारवाड़ी युवा मंच, गुवाहाटी ग्रेटर शाखा ने सभी समाजबंधुओं एवं श्रद्धालुओं से सेवा शिविर में सहभागी बनकर सेवा एवं पुण्य के इस महायज्ञ का हिस्सा बनने का आह्वान किया।

