जेसीआई बरपेटा रोड ने गोद लिए विद्यालय में आरओ-यूवी वाटर फिल्टर का किया लोकार्पण

थर्ड आई न्यूज

बरपेटा रोड, 3 जुलाई। समाज सेवा एवं सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए जेसीआई बरपेटा रोड ने अपनी “सुजल – शुद्ध जल, स्वस्थ जल” परियोजना के अंतर्गत गोद लिए विद्यालय मधुलीझार दक्षिण मछुआगांव एल.पी. स्कूल, होतापारा में विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार के लिए आरओ-यूवी वाटर फिल्टर और स्टोरेज टैंक स्थापित किया। इस जनहितकारी परियोजना का प्रायोजन समाजसेवी बिनोद कुमार सराफ ने किया।

गौरतलब है कि वर्ष 2018 में जेसीआई बरपेटा रोड ने इस विद्यालय को गोद लिया था। तब से संस्था विद्यालय के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जेसीआई बरपेटा रोड और समाजसेवी श्रीधर शर्मा के सहयोग से विद्यालय में दो नए कक्षों का निर्माण कराया गया। इसके अलावा समय-समय पर सीलिंग फैन, मध्याह्न भोजन के लिए स्टील की प्लेट एवं गिलास, जूते-मोजे, स्टेशनरी तथा अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। हाल ही में प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के उद्देश्य से विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को स्टील की पानी की बोतलों का भी वितरण किया गया।

इसी कड़ी में अब विद्यालय में आधुनिक आरओ-यूवी वाटर फिल्टर एवं स्टोरेज टैंक स्थापित किया गया है, जिससे विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।

परियोजना का लोकार्पण मुख्य दानदाता बिनोद कुमार सराफ एवं उनके परिवार की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर श्रीधर शर्मा, पवन खेमका, जेसीआई बरपेटा रोड के पदाधिकारी एवं सदस्य, विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी तथा छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्य दानदाता एवं अतिथियों का फूलाम गामोसा भेंट कर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत जेसीआई बरपेटा रोड की अध्यक्ष जेसी आयुषी केड़िया के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने संस्था की “सुजल” परियोजना की जानकारी देते हुए इस सेवा कार्य में सहयोग के लिए बिनोद कुमार सराफ के प्रति आभार व्यक्त किया। नए वाटर फिल्टर की स्थापना से विद्यालय के बच्चों में विशेष उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। वहीं, जेसीआई बरपेटा रोड की सचिव जेसी आशा सराफ ने मुख्य दानदाता, अतिथियों, विद्यालय परिवार तथा संस्था के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *