लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी गोल्ड के नए पदाधिकारियों ने ली शपथ, उत्कृष्ट सेवा के लिए सदस्यों का हुआ सम्मान

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी। लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी गोल्ड के लायनिस्टिक वर्ष 2026–27 का शुभारंभ रविवार को शहर के मॉलिक्यूल में आयोजित भव्य इंडक्शन, इंस्टॉलेशन एवं अवॉर्ड्स समारोह के साथ हुआ। समारोह में नए सदस्यों का क्लब में स्वागत किया गया, नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई तथा वर्ष 2025–26 में उत्कृष्ट सेवा एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले सदस्यों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि एवं शपथ ग्रहण अधिकारी पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन कमलेश कुमार कल्लानी तथा इंडक्शन ऑफिसर सेकंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन सुजीत बाखरेड़िया थे। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न लायंस क्लबों के सदस्य एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ निवर्तमान अध्यक्ष लायन दीपक भजनका के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए क्लब के सभी सदस्यों एवं पदाधिकारियों के सहयोग और समर्पण के लिए आभार व्यक्त किया।

इसके पश्चात क्लब के सचिव लायन सुमित हिसारिया ने वार्षिक सचिवीय प्रतिवेदन तथा कोषाध्यक्ष लायन राकेश अग्रवाल ने वर्ष 2025–26 का वित्तीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

अपने संबोधन में सेकंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन सुजीत बाखरेड़िया ने कहा कि लायंस क्लब की पहचान निःस्वार्थ सेवा, मानवीय संवेदनाओं एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से है। उन्होंने क्लब द्वारा समाजहित में किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए सेवा गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन कमलेश कुमार कल्लानी ने नवसदस्यों का स्वागत करते हुए वर्ष 2026–27 के लिए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने नई कार्यकारिणी से सेवा, नेतृत्व, पारदर्शिता एवं समर्पण की भावना के साथ क्लब को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।

वर्ष 2026–27 के लिए लायन अनुपम अग्रवाल ने अध्यक्ष, लायन अमित पोद्दार ने सचिव तथा लायन सिद्धार्थ खेतावत ने कोषाध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष लायन अनुपम अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि क्लब का आगामी कार्यकाल टीम भावना, सामूहिक नेतृत्व और सेवा के मूल सिद्धांतों पर आधारित होगा। उन्होंने सभी सदस्यों के सहयोग से समाजसेवा के नए आयाम स्थापित करने का संकल्प व्यक्त किया।

समारोह का मुख्य आकर्षण वर्ष 2025–26 में उत्कृष्ट सेवा, नेतृत्व एवं समर्पण के लिए क्लब के सदस्यों को प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड सहित विभिन्न सम्मानों से सम्मानित किया जाना रहा। समारोह का समापन सौहार्द, सेवा और लायनिज़्म के मूल्यों के प्रति नई ऊर्जा एवं प्रतिबद्धता के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *