चार दशक बाद फिर मिले दोस्त, गौहाटी कॉमर्स कॉलेज-85 बैच का भव्य री-यूनियन संपन्न, पुरानी यादें हुईं ताजा, उपलब्धियों का हुआ सम्मान और दोस्ती के रिश्तों को मिला नया आयाम
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी । गौहाटी कॉमर्स कॉलेज (जीसीसी) के वर्ष 1985 बैच के पूर्व छात्र-छात्राओं का बहुप्रतीक्षित री-यूनियन एवं मिलन समारोह रविवार को गुवाहाटी के होटल ओरनेट में उत्साह, आत्मीयता और भावनात्मक माहौल के बीच संपन्न हुआ। गुवाहाटी सहित असम के विभिन्न शहरों से पहुंचे बैचमेट्स ने लगभग चार दशक बाद एक-दूसरे से मिलकर कॉलेज जीवन की सुनहरी यादों को फिर से जीवंत कर दिया।
समारोह का शुभारंभ सभी प्रतिभागियों द्वारा एक स्वर में ‘मायाबीनी’ गीत गाकर असम के लोकप्रिय गायक स्वर्गीय जुबिन गर्ग को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ।
इसके बाद आयोजित स्वागत एवं परिचय सत्र में वर्षों बाद मिले मित्रों के चेहरों पर खुशी और भावुकता साफ झलक रही थी। कई साथी ऐसे थे जो चार दशक से अधिक समय बाद पहली बार आमने-सामने मिले। सभी ने कॉलेज जीवन की यादें, कक्षा की शरारतें, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पिकनिक और मित्रता से जुड़े अनेक संस्मरण साझा किए। पूरे दिन हंसी, संगीत, मनोरंजन और आत्मीय संवाद का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम को और अधिक रोचक बनाने के लिए पजल क्विज़, तंबोला, म्यूजिकल चेयर, ‘बाल्टी-बॉल’ तथा ‘डार्ट एंड एरो’ जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें सभी बैचमेट्स ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। इन खेलों ने सभी को एक बार फिर अपने छात्र जीवन के दिनों में पहुंचा दिया।
री-यूनियन का एक प्रमुख आकर्षण प्रतिभागियों के लिए आयोजित निःशुल्क लकी ड्रॉ रहा। विजेताओं को आकर्षक उपहार प्रदान किए गए। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण के दौरान तालियों और उत्साह से पूरा सभागार गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान दिवंगत सहपाठियों को भी श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। उनके सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपस्थित साथियों ने भविष्य में भी नियमित रूप से ऐसे मिलन समारोह आयोजित करने पर सहमति व्यक्त की।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले बैचमेट्स को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मनोज शर्मा बरदोलोई को हाल ही में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र का रीजनल एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नियुक्त होने पर सम्मानित किया गया। इस प्रतिष्ठित पद पर पहुंचने वाले वे असम के प्रथम व्यक्ति हैं। अनिल गोयनका को गौहाटी कॉमर्स कॉलेज की स्वायत्तशासी संस्था की गवर्निंग बॉडी में मनोनीत किए जाने पर सम्मानित किया गया। वहीं डॉ. होमेश्वर कलिता को गौहाटी कॉमर्स कॉलेज के पूर्व छात्र संगठन अल्कॉम (ALCOM) का अध्यक्ष तथा अजय नावका को वर्किंग प्रेसिडेंट निर्वाचित होने पर विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
पूरे कार्यक्रम का प्रभावी और रोचक संचालन बंगाईगांव के बैचमेट महेश कुमार अग्रवाल ने किया। अपनी सहज शैली, हास्यपूर्ण प्रस्तुति और प्रभावशाली संचालन से उन्होंने समारोह को लगातार जीवंत बनाए रखा। आयोजन को सफल बनाने में अजय कुमार नावका, अनिल गोयनका और बृज किशोर अग्रवाल का विशेष योगदान रहा। वहीं कार्यालय सहयोगी अनामिका दास, मोहिनी मजुमदार, सपना महतो और निशा देवबर्मन ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उपस्थित सभी बैचमेट्स ने एक स्वर में कहा कि “री-यूनियन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उन रिश्तों और यादों का उत्सव है, जो समय के साथ और भी गहरे और मजबूत हो जाते हैं।”
हंसी, खुशी, आत्मीयता और अविस्मरणीय स्मृतियों से भरपूर यह मिलन समारोह अगले पुनर्मिलन में फिर मिलने के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।

