श्रावण मास में नवयुवक वॉलंटियर ग्रुप की अनूठी सेवा, रुद्राभिषेक के साथ 660 बोलबम कांवड़ियों को पिलाया निशुल्क जल
थर्ड आई न्यूज
लखीमपुर, 3 अगस्त। श्रावण मास के पावन अवसर पर लखीमपुर स्थित श्री श्री हनुमान मंदिर में भक्ति और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। नवयुवक वॉलंटियर ग्रुप की ओर से भगवान शिव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया गया तथा संध्या बेला में 108 दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धापूर्वक आराधना की गई।
प्रातःकाल वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए रुद्राभिषेक में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शाम को 108 दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में आलोकित हो उठा।
इसके एक दिन पूर्व रविवार की रात नवयुवक वॉलंटियर ग्रुप ने सेवा भावना का परिचय देते हुए श्री श्री हनुमान मंदिर के सामने से गुजर रहे 660 बोलबम कांवड़ यात्रियों को निशुल्क पेयजल उपलब्ध कराया। लंबी पदयात्रा और उमस भरे मौसम के बीच यह सेवा कांवड़ियों के लिए काफी राहतकारी रही।
इस सेवा अभियान में बिकी कुमार मंडल, अंगज कुमार मंडल, दिग्विजय ठाकुर, आदित्य कुमार ठाकुर, बिस्वजीत राव, आशीष राव, अमरजीत साह, अमन कुमार गुप्ता, नीरज तिवारी, राहुल कुमार महतो, मनीष कुमार महतो, राहुल चौबे और विजय कुमार महतो सहित ग्रुप के सभी युवाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
ग्रुप के सदस्यों ने बताया कि श्रावण मास के दौरान भगवान शिव की आराधना के साथ-साथ सेवा कार्य भी निरंतर जारी रहेंगे। उनका उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ मानव सेवा के भाव को भी सशक्त बनाना है।

