लखीमपुर में श्रीमंत शंकरदेव जयंती पर भव्य सांस्कृतिक शोभायात्रा, हरिनाम संकीर्तन से गूंजा शहर

थर्ड आई न्यूज

लखीमपुर से बाबू देव पांडे

श्रीमंत शंकरदेव जयंती के पावन अवसर पर सोमवार को लखीमपुर शहर में भव्य भागवत भ्रमण एवं सांस्कृतिक शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सुबह से ही श्रद्धालु पारंपरिक सफेद वेशभूषा और गमछा धारण कर त्याग क्षेत्र में एकत्रित होने लगे। दोपहर 11 बजे शुरू हुई शोभायात्रा में श्रद्धालु मृदंग, खोल और झांझ की धुन पर हरिनाम संकीर्तन करते हुए शहर के मुख्य मार्ग एनटी रोड से गुजरे। यात्रा कोर्ट चराली और बाजार रोड होते हुए पुनः त्याग क्षेत्र पहुंचकर संपन्न हुई।

शोभायात्रा में असम की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा की मनोहारी झलक देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने सत्रिया नृत्य, भोरताल नृत्य तथा गयान-बयान की प्रस्तुतियां दीं। पूरे मार्ग में ‘हरे राम, हरे कृष्ण’ के जयघोष और हरिनाम संकीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

आयोजकों ने कहा कि यह शोभायात्रा धार्मिक एकता और असम की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि आने वाले वर्षों में भी इसी तरह भव्य शोभायात्रा आयोजित की जाएगी।

शोभायात्रा के मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह पेयजल और प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन के साथ स्वयंसेवकों ने भी सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया। प्रशासन के अनुसार शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *