मारवाड़ी युवा मंच की गुवाहाटी ग्रेटर शाखा का दीपावली स्नेह मिलन समारोह संपन्न, परवाज़ बैंड की लाइव प्रस्तुति, बच्चों की प्रतियोगिताओं और मनोरंजक खेलों ने बांधा समां

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी, 15 नवंबर। मारवाड़ी युवा मंच की गुवाहाटी ग्रेटर शाखा की ओर से शनिवार, 14 नवंबर को पलटन बाजार स्थित होटल नंदन में दीपावली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। शाखा अध्यक्ष शिव कुमार मोर के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में ग्रेटर परिवार के सदस्यों के साथ मारवाड़ी युवा मंच की अन्य शाखाओं के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ शाखा सदस्य असीम चौधरी के प्रारंभिक उद्बोधन से हुआ। इसके बाद शाखा अध्यक्ष शिव कुमार मोर ने अतिथियों एवं सदस्यों का स्वागत किया। अतिथियों और वरिष्ठ पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया। इसके पश्चात भगवान गणेश की स्तुति में गणेश वंदना प्रस्तुत की गई।

प्रभात हरलालका ने कार्यक्रम संचालक विनीत चिंडालिया तथा विशेष आकर्षण रहे संगीत समूह ‘परवाज़ बैंड’ का परिचय कराया। समारोह में शाखा के सदस्यों और बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया।

बाल दिवस के अवसर पर बच्चों के लिए टैटू और कलरिंग जैसी मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। साथ ही फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। समारोह में विभिन्न पहेलियों, खेलों और हाउजी का भी आयोजन हुआ, जिसमें सभी आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रवेश टिकट के आधार पर आयोजित लकी कूपन योजना के विजेताओं को आकर्षक उपहार प्रदान किए गए। स्वर्णवेदा ज्वेलर्स की ओर से आयोजित लकी इंस्टाग्राम पोस्ट प्रतियोगिता भी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही।

इस अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीडियो कॉल के माध्यम से समारोह से जुड़े और उपस्थित सदस्यों एवं उनके परिवारजनों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। वहीं, परवाज़ बैंड की लाइव संगीत प्रस्तुति ने समारोह में चार चांद लगा दिए। बैंड की धुनों पर शाखा सचिव सचिन गोयल, कोषाध्यक्ष अरविंद खेमका सहित सदस्य और अतिथि जमकर थिरके।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में संयोजक प्रभात हरलालका, मनीष बोथरा, तनुज जालान, सोनू जालान और रवि गोयल का विशेष योगदान रहा। समापन पर सोनू जालान ने अतिथियों, प्रायोजकों, कलाकारों और आयोजन समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

शाखा अध्यक्ष शिव कुमार मोर ने कहा कि संस्थापक सदस्यों से लेकर नए सदस्यों तक सभी के बीच पारिवारिक अपनापन और आपसी समन्वय स्थापित करना शाखा का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि सदस्यों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ही संगठन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी सदस्यों, सहयोगियों और प्रायोजकों का आभार जताया।

समारोह आपसी सद्भाव, सांस्कृतिक उल्लास और पारिवारिक एकजुटता के वातावरण में संपन्न हुआ। यह जानकारी शाखा के जनसंपर्क अधिकारी प्रतीक अग्रवाल ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *