होजाई में छठ महापर्व पर व्रतधारियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य, शिवबाड़ी रोड और नूतन बाजार पोखरी के घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
थर्ड आई न्यूज
होजाई से रमेश मुंदड़ा
आस्था, श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक सूर्य षष्ठी महापर्व रविवार को होजाई में हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर व्रतधारी महिलाओं और उनके परिजनों ने विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य अर्पित किया।
शहर के शिवबाड़ी रोड स्थित सूर्य षष्ठी महोत्सव समिति तथा नूतन बाजार पोखरी स्थित श्री श्री सूर्य व्रत संचालन समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रमों में श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ घाटों पर पहुंचे। व्रतधारियों ने अपने निर्धारित पूजा स्थलों पर पूजन सामग्री और प्रसाद सजाकर धूप-दीप प्रज्वलित किए तथा भगवान सूर्य के अस्त होने की प्रतीक्षा की। सूर्यास्त होते ही श्रद्धालुओं ने जल में खड़े होकर फल, मूल, पान, सुपारी और गन्ना आदि अर्पित करते हुए भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया।
दोनों घाटों पर आकर्षक तोरण द्वार और रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा की गई थी, जिससे घाटों की शोभा देखते ही बन रही थी। समितियों की ओर से भगवान सूर्य की प्रतिमाएं भी स्थापित की गई थीं, जहां श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। इस दौरान महिलाओं द्वारा गाए जा रहे पारंपरिक छठ गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
महापर्व के अवसर पर कई श्रद्धालु जल में खड़े होकर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना करते नजर आए। वहीं, अनेक महिलाएं और पुरुष दंडवत प्रणाम करते हुए घाटों तक पहुंचे। उनके पीछे परिवार के सदस्य पूजा सामग्री लेकर चल रहे थे। बच्चों ने पटाखे फोड़कर पर्व की खुशियां मनाईं। दोनों घाटों पर पूजा समितियों के सदस्य श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे।
शिवबाड़ी रोड स्थित सूर्य षष्ठी महोत्सव समिति के एक सदस्य ने बताया कि यहां प्रतिवर्ष सूर्य उपासना का यह महापर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है।
होजाई के अलावा श्रीमंत शंकरदेव नगर, रामपुर, सिलीगुड़ी बस्ती, मलिक बस्ती, भीमार अली, तेली बस्ती, आमतोला, सिलडूवी, भालूकुमारी और लंका सहित विभिन्न क्षेत्रों में भी छठ महापर्व धूमधाम से मनाया गया।

