J&K: पहलगाम में बड़ा आतंकी हमला, 25 लोगों के मारे जाने की आशंका , कई घायल

थर्ड आई न्यूज

नई दिल्ली I जम्मू कश्मीर के पहलगाम में बड़ा आतंकी हमला हुआ है। बैरसन घाटी पर मंगलवार (22 अप्रैल) दोपहर सेना की बर्दी पहनकर आए आतंकियों ने पर्यटकों के जत्थे पर गोलीबारी शुरू कर दी। सूत्रों के अनुसार इस घटना में 25-27 लोगों के मारे जाने की आशंका है, जबकि कई घायल हैं। शुरुआत में 1 पर्यटक की मौत की पुष्टि की गई थी। आधिकारिक आंकड़े आने के बाद ही मृतकों की असल संख्या पता चल पाएगा।

घटना के बाद सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाल लिया है। इलाके में नाकेबंदी कर सर्च ऑपेरशन चलाया जा रहा है। गृहमंत्री अमित शाह ने मौके पर जाने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी अपना प्रस्तावित दौरा रद्द कर पहलगाम के लिए रवाना हो गए हैं।

अधिकारियों ने बताया, बैसरन इलाके में राजस्थान के पर्यटकों का दल घूमने आया था। इसी बीच आतंकवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी। समाचार एजेंसी PTI को एक महिला ने फोन कर बताया कि हमले में 8 से 10 लोग घायल हुए हैं। उसके पिता को भी गोली मार दी गई है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सेना प्रमुख से बात कर जानकारी ली है।

दरअसल, पिछले कुछ दिनों से जम्मू कश्मीर में पाक सीमा पर आतंकी गतिविधियां बढ़ गई हैं। जम्मू कश्मीर पुलिस और भारतीय सेना ने कार्रवाई करते हुए कुछ आतंकवादियों को मार गिराया है। मंगलवार को आतंकियों ने पर्यटकों के एक समूह को निशाना बनाया है। इस समूह में 12 लोग शामिल थे।

12 अप्रैल को JCO शहीद हुए थे :
जम्मू के अखनूर में 12 अप्रैल को आतंकवादियों से मुठभेड़ में 9 पंजाब रेजिमेंट के JCO कुलदीप चंद शहीद हो गए थे। अखनूर के केरी बट्टल इलाके में 11 अप्रैल की रात एनकाउंटर शुरू हुआ था। इसी दिन किश्तवाड़ जिले के जंगलों में सैनिकों ने 3 आतंकियों को मार गिराया था। तीनों आतंकी जैश-ए-मोहम्मद के थे।

कश्मीर का खूबसूरत इलाका है पहलगाम :
पहलगाम दक्षिण कश्मीर का बेहद खूबसूरत इलाका है। देशभर से यहां बड़ी संख्या में पर्यटक घूमने के लिए आते हैं। खासकर गर्मी सीजन में यहां प्रतिदिन हजारों टूर‍िस्‍ट पहुंचते हैं। आतंकी घटना से पहलगाम की पर्यटन गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *