नगांव में पंचायत चुनाव प्रचार तेज, भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने

थर्ड आई न्यूज

नगांव से जय प्रकाश सिंह

नगांव जिले में दूसरे चरण के पंचायत चुनाव के लिए 7 मई को मतदान होना है। जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, जिले में चुनावी सरगर्मियां तेज होती जा रही हैं। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता दिन-रात प्रचार में जुटे हुए हैं। सभी दल अपने विकास कार्यों का लेखा-जोखा पेश कर रहे हैं और एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप भी कर रहे हैं।

जिले की 27 जिला परिषद सीटों में से 6 जिला परिषद सीटें पहले ही भाजपा गठबंधन के खाते में चली जाने से कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों की स्थिति कुछ कमजोर नजर आ रही है। बावजूद इसके, कांग्रेस तथा अन्य विपक्षी पार्टियां भी पूरे जोरशोर से चुनाव मैदान में डटी हुई हैं।

इसी क्रम में आज जमुगुरी मंडल अंतर्गत देवधर पंचायत क्षेत्र में भाजपा समर्थित आंचलिक सदस्य पद की उम्मीदवार संगीता भुइयां के समर्थन में पूर्व रेल राज्य मंत्री राजेन गोहाईं ने जोरदार प्रचार अभियान चलाया। गोहाईं ने जनता से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

दूसरी ओर, कांग्रेस भी पीछे नहीं रही। नगांव के कांग्रेस सांसद प्रद्युत बरदलै ने नगांव-बटद्रोवा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत हाल ही में गठित काछमारी जिला परिषद क्षेत्र में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार किया। उन्होंने भाजपा और असम गण परिषद (अगप) पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ये दल कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को डरा-धमकाकर चुनावी वैतरणी पार करना चाहते हैं।

प्रद्युत बरदलै की सभा में असम प्रदेश कांग्रेस के सचिव मृणाल कुमार हजारिका सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे। चुनाव प्रचार के इस दौर में जिले भर में राजनीतिक गतिविधियां चरम पर हैं और मतदान के दिन तक माहौल और भी गरमाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *