HS 2026 परिणाम: भारती विद्यापीठ का शानदार प्रदर्शन, वाणिज्य में 100% सफलता
थर्ड आई न्यूज
नगांव से जयप्रकाश सिंह
असम राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड (संभाग-2) द्वारा घोषित उच्चतर माध्यमिक परीक्षा 2026 के परिणामों में शहर के प्रमुख शिक्षण संस्थान भारती विद्यापीठ ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी मजबूत शैक्षणिक परंपरा को साबित किया है। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया।
इस वर्ष भारती विद्यापीठ ने वाणिज्य संकाय में 100 प्रतिशत परिणाम हासिल कर उल्लेखनीय सफलता दर्ज की। विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया।
परिणामों में यश दुगर ने 91.6% अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया। उनके अलावा योगेश दासानी (91.4%) और नंदिनी अग्रवाल (90%) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अन्य सफल विद्यार्थियों में श्रृष्टि पोद्दार (89.2%), उमंग खेतान (88.4%), दीप बाल्मीकि (87.4%), साक्षी पोद्दार (86.2%), लकी कुमारी (86.2%), श्रेयांस पोद्दार (86%), यश अग्रवाल (84.4%) तथा महिमा अग्रवाल (82.2%) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त कई अन्य छात्रों ने भी अच्छे अंक प्राप्त किए।
इन शानदार परिणामों से विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में खुशी और गर्व का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को दिया। साथ ही, अनुशासित अध्ययन पद्धति और नियमित मूल्यांकन प्रणाली को भी इस उपलब्धि का प्रमुख आधार बताया।
विद्यालय का उत्कृष्ट प्रदर्शन केवल इस वर्ष तक सीमित नहीं है। पूर्व वर्षों में भी यहां के विद्यार्थियों ने राज्य स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। वर्ष 2020 में कार्तिक धारीवाल ने पूरे असम में छठा स्थान प्राप्त किया था, जबकि वर्ष 2022 में सिमरन सुराना ने आठवां स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए शिक्षकों और अभिभावकों के योगदान की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि भारती विद्यापीठ भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करता रहेगा।

