श्री राधा सहस्त्रार्चन एवं श्री सत्यनारायण कथा के साथ संपन्न हुआ आठ दिवसीय धार्मिक महोत्सव, गौशाला में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भक्ति और उत्साह से गूंजा वृंदावन गार्डन
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 31 मई। आठगांव स्थित श्री गौहाटी गौशाला के वृंदावन गार्डन प्रांगण में सेठ सांवरिया सत्संग समिति द्वारा पुरुषोत्तम मास के अवसर पर आयोजित आठ दिवसीय नानी बाई रो मायरो एवं भक्तमाल कथा का समापन रविवार को भव्य श्री राधा सहस्त्रार्चन एवं श्री सत्यनारायण कथा के साथ श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ।
समापन दिवस पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आयोजन में भाग लिया। विशेष रूप से लगभग 150 महिलाओं ने अपने-अपने घरों से लड्डू गोपाल को लेकर आयोजन स्थल पर पहुंचकर अनुष्ठान में सहभागिता निभाई। भक्तों ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ 1008 पवित्र नामों का उच्चारण करते हुए श्री राधा सहस्त्रार्चन अनुष्ठान संपन्न किया तथा बाल गोपाल को नैवेद्य अर्पित किया। संगीतमय भजनों और राधे-राधे के जयघोष से पूरा परिसर भक्तिरस में डूब गया।
अनुष्ठान का संचालन पंडित प्रकाश शास्त्री ने किया। उन्होंने विधि-विधान से श्री राधा सहस्त्रार्चन तथा श्री सत्यनारायण कथा का आयोजन संपन्न कराया। समिति की ओर से श्रद्धालुओं को नैवेद्य अर्पण के लिए मेवा, लौंग, इलायची सहित विभिन्न पूजन सामग्री उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर मुख्य कथावाचक गौरव व्यास भी उपस्थित रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं को आशीर्वचन प्रदान करते हुए भक्ति, सेवा और समर्पण के महत्व पर प्रकाश डाला। आयोजन के दौरान समिति द्वारा श्रद्धालुओं के बीच निःशुल्क इत्र, ठाकुरजी की पोशाक, मोरपंख एवं मेवे का प्रसाद वितरित किया गया।
अनुष्ठान के उपरांत अमृत भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान वृंदावन गार्डन का वातावरण आध्यात्मिक उल्लास और भक्तिभाव से ओतप्रोत रहा।
इस आठ दिवसीय धार्मिक महोत्सव को सफल बनाने में समिति के संस्थापक सुरेंद्र लाठ सहित बसंत तांबी, सुभाष केजरीवाल, दीनदयाल सिवोटिया, रवि सुरेका, संजय संथोलिया, संतोष चौधरी, कन्हैयालाल पृथानी, शंकर बिड़ला, रमेश चांडक, दीपक पोद्दार, सुरेश सोनी, विशाल सांगानेरिया, अरविंद सरावगी, मनोज रूंगटा, माखनलाल अग्रवाल, विवेक सांगानेरिया, नरेंद्र सोनी, समीत सराफ, राजेश सोनी, सिया शर्मा, रितु अग्रवाल, वर्षा पारीक, संतोष शर्मा, राधा शर्मा तथा समिति के सभी सदस्यों का उल्लेखनीय योगदान रहा।
समिति के वरिष्ठ सदस्य सुरेंद्र लाठ ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, सहयोगकर्ताओं और समिति सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कहा कि समाज में भक्ति, संस्कार और सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से भविष्य में भी ऐसे आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे।

