बीकानेर नागरिक मंच और किरणश्री ग्रुप की अनूठी पहल: रक्तदान शिविर में 75 यूनिट रक्त का संग्रहण

थर्ड आई न्यूज

गुवाहाटी: मानवता की सेवा और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए, ‘बीकानेर नागरिक मंच, गुवाहाटी’ एवं ‘किरणश्री ग्रुप’ के संयुक्त तत्वावधान में आजरा स्थित होटल किरणश्री ग्रांड में एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक एकजुटता की एक मिसाल भी पेश की।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मंच के वरिष्ठ सदस्यों और होटल प्रबंधन के पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। सचिव रजत स्वामी ने स्वागत उद्बोधन देते हुए किरणश्री ग्रुप और सहरिया ब्लड सेंटर के अमूल्य सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

प्रेरणादायक उद्बोधन और सामाजिक संकल्प किरणश्री ग्रुप के डायरेक्टर अनुराग सिपानी ने अपने प्रेरणादाई संबोधन में रक्तदान को ‘महादान’ बताते हुए युवाओं को इस नेक कार्य के लिए प्रेरित किया। वहीं, बीकानेर नागरिक मंच के अध्यक्ष बाबूलाल नवलखा ने मंच की सामाजिक गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “रक्तदान एक ऐसा उपहार है जो किसी को नई जिंदगी दे सकता है। हमें ऐसी गतिविधियों को निरंतर जारी रखना चाहिए।”

उत्साह और भागीदारी का संगम कार्यक्रम चेयरमैन घेवर चंद सिपानी ने शिविर की सफलता पर ख़ुशी जाहिर करते हुए बताया कि आयोजन में मंच के सदस्यों, होटल स्टाफ और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में 100 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया, जिसमें तकनीकी मानकों पर खरे उतरते हुए 75 यूनिट से अधिक रक्त का सफलतापूर्वक संग्रहण किया गया।

सफल संचालन और सक्रिय सहयोग पूरे कार्यक्रम का कुशल संचालन होटल के एचआर प्रमुख नियाज़ अहमद द्वारा किया गया। इस पुनीत कार्य को सफल बनाने में कमल चंद गोलछा, श्याम सिपानी, नवरत्न सेठिया, संजय बाफना, बिमल महनोत, रवि दसानी, धर्मेंद्र बैद और राहुल कोठारी जैसे समर्पित सदस्यों की भूमिका सराहनीय रही।

मंच के कोषाध्यक्ष एवं जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार फलोदिया ने जानकारी दी कि बीकानेर नागरिक मंच भविष्य में भी समाज सेवा के ऐसे प्रकल्पों को प्राथमिकता के साथ आयोजित करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *