मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा से मिला मारवाड़ी सम्मेलन का प्रतिनिधिमंडल, नागरिक अभिनंदन एवं नेपा अधिवेशन में शामिल होने का दिया आमंत्रण

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 7 जून। पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन के एक प्रतिनिधिमंडल ने असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा से असम सचिवालय में सौहार्दपूर्ण भेंट कर विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जनसमर्थन प्राप्त करने तथा पुनः मुख्यमंत्री पद का दायित्व संभालने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

प्रतिनिधिमंडल में सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश काबरा, प्रांतीय महामंत्री रमेश कुमार चांडक, प्रांतीय संगठन मंत्री मनोज जैन काला, सम्मेलन सहयोगी एवं माहेश्वरी सभा गुवाहाटी के अध्यक्ष सीताराम बिहानी तथा घनश्याम धानुका शामिल थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री का राजस्थानी परंपरा के अनुरूप पगड़ी, चुनड़ी दुपट्टा एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। साथ ही उन्हें सालासर दरबार की पावन तस्वीर भी भेंट की गई।

संयोगवश मुख्यमंत्री की वैवाहिक वर्षगांठ होने के कारण प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें एवं उनके परिवार को शुभकामनाएं देते हुए मिठाई खिलाकर बधाई दी।

भेंटवार्ता के दौरान सम्मेलन की ओर से समग्र मारवाड़ी समाज द्वारा मुख्यमंत्री का नागरिक अभिनंदन आयोजित करने की इच्छा व्यक्त करते हुए समय प्रदान करने का अनुरोध किया गया। मुख्यमंत्री ने समाज के प्रति अपना आत्मीय स्नेह व्यक्त करते हुए कहा कि वे समाज के कार्यक्रमों में सदैव सहभागी बनने के इच्छुक हैं तथा मारवाड़ी अस्पताल के 110वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम एवं समाज द्वारा प्रस्तावित नागरिक अभिनंदन समारोह में उपस्थित रहने का प्रयास करेंगे।

बैठक में एग्रीकल्चर मार्केटिंग से जुड़े व्यापारियों की समस्याओं और व्यावहारिक कठिनाइयों का विषय भी उठाया गया। कैलाश काबरा ने इस संबंध में आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि संबंधित विभाग का कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात चैम्बर ऑफ कॉमर्स एवं अन्य संबंधित पक्षों के साथ औपचारिक बैठक आयोजित कर विषय पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को आगामी 20 सितम्बर 2026 को गुवाहाटी में आयोजित होने वाले नेपा (NEPA) अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों का आत्मीयतापूर्वक कुशलक्षेम जाना तथा समाज के प्रति अपने सहयोग और सद्भाव की भावना व्यक्त की। प्रतिनिधिमंडल ने उनके सफल, यशस्वी एवं जनकल्याणकारी कार्यकाल की मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *