मारवाड़ी युवा मंच, गुवाहाटी ग्रेटर शाखा की पहली साधारण सभा सम्पन्न, मेधावी विद्यार्थियों और विशिष्ट प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी, 7 जून। मारवाड़ी युवा मंच, गुवाहाटी ग्रेटर शाखा की वर्ष 2026-27 की प्रथम साधारण सभा शनिवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित की गई। बैठक में शाखा की विभिन्न गतिविधियों, आगामी सेवा परियोजनाओं एवं संगठनात्मक योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
सभा का शुभारंभ असम के गौरवपूर्ण जातीय गीत “ओ मुर अपुनार देश” के गायन से हुआ। शाखा अध्यक्ष शिव कुमार मोर ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन की आगामी योजनाओं पर प्रकाश डाला। सचिव सचिन गोयल ने सचिवीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि कोषाध्यक्ष ने शाखा की आय-व्यय रिपोर्ट सदन के समक्ष रखी।
बैठक के दौरान शाखा की आगामी प्रमुख परियोजनाओं ‘पिंक डोनेशन 4.0’ एवं ‘अंबुवाची सेवा कैंप’ सहित विभिन्न सामाजिक एवं सेवा कार्यों पर विशेष रूप से चर्चा की गई तथा उनकी रूपरेखा तैयार की गई।
साधारण सभा के उपरांत शाखा द्वारा असम के लोकप्रिय जातीय गीत “ओ मुर अपुनार देश” पर एक विशेष ज्ञानवर्धक सत्र आयोजित किया गया। इस अवसर पर शाखा के पूर्व अध्यक्ष गौतम गोयनका ने गीत के इतिहास, सांस्कृतिक महत्व और भावार्थ पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उसे सरल एवं सहज भाषा में उपस्थित सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत किया। उनके व्याख्यान को सभी ने अत्यंत सराहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत शाखा द्वारा “उत्कृष्ट सम्मान समारोह” का भी आयोजन किया गया। इस दौरान शाखा सदस्यों के उन पुत्र-पुत्रियों को सम्मानित किया गया जिन्होंने हाल ही में आयोजित कक्षा 10 एवं 12 की परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की है। मेधावी विद्यार्थियों को स्मृति-चिह्न एवं सम्मान प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
इसके अतिरिक्त विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता हासिल करने वाले सदस्यों एवं उनके परिजनों को भी सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं अन्य संगठनों में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर रहे शाखा सदस्यों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ और उपस्थित सदस्यों ने संगठन की भावी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।
यह जानकारी शाखा के जनसंपर्क अधिकारी प्रतीक अग्रवाल द्वारा एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।

