लायंस एवं लियो क्लब ऑफ गुवाहाटी परवरिश का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न, मोहित दुग्गड़ ने अध्यक्ष पद संभाला, नई टीम ने लिया सेवा विस्तार का संकल्प
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 14 जून। लायंस एवं लियो क्लब ऑफ गुवाहाटी परवरिश का शपथ ग्रहण एवं पदस्थापन समारोह नगर के एक होटल में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह का संचालन प्रिया अग्रवाल ने किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ लायंस प्रार्थना एवं लियो प्रतिज्ञा के साथ हुआ। निवर्तमान अध्यक्ष नेहा अग्रवाल ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया, जबकि प्रतीक किल्ला ने उपस्थित अतिथियों का परिचय कराया।
समारोह में पूर्व जिला गवर्नर सीमा गोयनका, पूर्व जिला गवर्नर सुधीर चौधरी, वैश्विक सदस्यता टीम समन्वयक ऋतु बांका, जिला गवर्नर निर्वाचित मनोज भजनका, बहु-जिला परिषद अध्यक्ष निर्वाचित मयंक सुरेका, प्रथम उप जिला गवर्नर निर्वाचित राजेश अग्रवाला तथा द्वितीय उप जिला गवर्नर निर्वाचित सुजीत बुखरेड़िया सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर लायंस एवं लियो क्लब की गत वर्ष की गतिविधियों एवं उपलब्धियों का सचिवीय प्रतिवेदन नेहा अग्रवाल और साक्षी जैन द्वारा प्रस्तुत किया गया। प्रतिवेदन में विभिन्न सेवा परियोजनाओं, सामाजिक अभियानों और जनकल्याणकारी कार्यों का विस्तृत विवरण रखा गया।
कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2026-27 के लिए लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी परवरिश में 25 तथा लियो क्लब ऑफ गुवाहाटी परवरिश में 8 नए सदस्यों को शामिल किया गया। नए सदस्यों को सदस्यता की शपथ दिलाई गई तथा उनका औपचारिक स्वागत किया गया।
इसके बाद नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी परवरिश के लिए मोहित दुग्गड़ ने अध्यक्ष, शुभम बाहेती ने सचिव तथा आकाशत ने कोषाध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की। वहीं लियो क्लब ऑफ गुवाहाटी परवरिश में अनुराग पोद्दार ने अध्यक्ष, मृत्युंजय ने सचिव तथा आकाशत ने कोषाध्यक्ष का दायित्व संभाला।
समारोह में निवर्तमान अध्यक्ष नेहा अग्रवाल एवं उनकी टीम के कार्यकाल की उपलब्धियों की सराहना की गई। इस अवसर पर वर्ष का प्रतिष्ठित “लायन ऑफ द ईयर” सम्मान शुभम बाहेती को उत्कृष्ट नेतृत्व, समर्पण और सेवा कार्यों के लिए प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का भावनात्मक क्षण तब आया जब क्लब के सदस्यों ने निवर्तमान अध्यक्ष नेहा अग्रवाल को उनके सफल नेतृत्व और उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रेम-प्रतीक भेंट कर सम्मानित किया। उपस्थित सदस्यों ने उनके कार्यकाल की उपलब्धियों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
अपने संबोधन में नवनिर्वाचित अध्यक्ष मोहित दुग्गड़ ने क्लब का मूल मंत्र “सेवा ही धर्म है” दोहराते हुए समाजसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि आगामी सत्र में विद्यालय गोद लेने की योजना, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर, वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण, महिला कल्याण, युवा सशक्तिकरण, स्वच्छता अभियान, आपदा राहत कार्य तथा जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा से जुड़ी अनेक परियोजनाएं संचालित की जाएंगी।
उन्होंने सभी सदस्यों से समाजहित को सर्वोपरि रखते हुए सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया और विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम सेवा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगी।
अतिथियों ने अपने संबोधन में नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए सेवा, नेतृत्व, युवा सहभागिता और सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व पर प्रकाश डाला।
अंत में सचिव शुभम बाहेती ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। समारोह सौहार्द, उत्साह और सेवा भावना के वातावरण में संपन्न हुआ।
क्लब के जनसंपर्क अधिकारी अरविंद पारीक ने बताया कि आगामी वर्ष में क्लब शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान तथा समाज के वंचित वर्गों के उत्थान से जुड़ी अनेक जनहितकारी परियोजनाओं का संचालन करेगा।
“सेवा ही धर्म है” के संकल्प के साथ नई टीम ने समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता पहुंचाने का संकल्प लिया।

