लखीमपुर में जुबीन गर्ग की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, नम आंखों से किया गया याद

थर्ड आई न्यूज़

लखीमपुर I असम के लोकप्रिय गायक एवं संगीतकार जुबिन गर्ग की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर शनिवार शाम उत्तर लखीमपुर में भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। स्थानीय सर्वेश्वर बरुआ हिंदी विद्यालय, छठ घाट, खेलमाटी, वार्ड नंबर 14 में आयोजित दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक शमशेर सिंह ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ समाजसेवी सुशील कुमार शुक्ल ने जुबिन गर्ग के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।

इसके बाद उपस्थित लोगों ने धूप-दीप जलाकर जुबिन गर्ग को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि जुबिन गर्ग ने संगीत के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने के साथ ही असम की संस्कृति और सामाजिक एकता के लिए भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी कला और योगदान को लंबे समय तक याद किया जाता रहेगा।

श्रद्धांजलि सभा में भोजपुरी समाज के सदस्यों के अलावा विद्यालय के छात्र-छात्राएं, विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के कार्यकर्ता तथा स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *