‘पाठशाला’ में सीखे टीम बिल्डिंग, संवाद और व्यक्तित्व विकास के गुर, मारवाड़ी युवा मंच गुवाहाटी ग्रेटर का प्रशिक्षण कार्यक्रम, फन-बेस्ड गतिविधियों के जरिए सदस्यों ने सीखा ‘फर्स्ट लव योरसेल्फ’ का मंत्र
थर्ड आई न्यूज
गुवाहाटी, 20 सितंबर। मारवाड़ी युवा मंच, गुवाहाटी ग्रेटर शाखा की ओर से सदस्यों के व्यक्तिगत कौशल विकास और आपसी तालमेल को मजबूत करने के उद्देश्य से बी. बरुआ रोड, उलुबाड़ी स्थित उत्सव बैंक्वेट में ‘पाठशाला’ प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जेसीआई नेशनल ट्रेनर सोनिया सारडा ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए सदस्यों को टीम बिल्डिंग, प्रभावी संवाद और व्यक्तित्व विकास के विभिन्न पहलुओं का प्रशिक्षण दिया।
‘पाठशाला’ की खासियत इसका गतिविधि आधारित स्वरूप रहा। पारंपरिक कॉपी-पेन के बजाय विभिन्न फन-बेस्ड गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को सीखने और अपने कौशल को समझने का अवसर मिला। ‘फर्स्ट लव योरसेल्फ’ के संदेश के साथ आत्मपहचान, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के महत्व पर चर्चा की गई। अलग-अलग गतिविधियों के जरिए टीम भावना, आपसी सहयोग और बेहतर तालमेल विकसित करने पर भी जोर दिया गया। सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ प्रशिक्षण में भाग लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के बाद शाखा की द्वितीय साधारण सभा आयोजित की गई। सभा की शुरुआत जुबीन दा को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद शाखा की आगामी गतिविधियों, कार्ययोजनाओं और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम की शुरुआत असम के जातीय गीत से हुई, जबकि समापन राष्ट्रगीत के साथ किया गया। यह जानकारी शाखा के जनसंपर्क अधिकारी प्रतीक अग्रवाल ने दी।

