श्रीराम अवतार प्रसंग के वर्णन से भक्तिमय हुआ श्री कल्याण भवन, बाल संत भोले बाबा ने दिया धर्म, मर्यादा और गौसेवा का संदेश; नौ दिवसीय श्रीराम कथा 24 सितंबर तक
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी, 20 सितंबर। गणेशगुड़ी स्थित श्री कल्याण भवन में चल रही नौ दिवसीय श्रीराम कथा के पांचवें दिन ऋषिकेश के बाल संत भोले बाबा महाराज ने भगवान श्रीराम के अवतार प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया। भगवान श्रीराम के अवतरण और उनके मर्यादा पुरुषोत्तम स्वरूप की व्याख्या करते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं को सत्य, धर्म, सदाचार और मर्यादा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। कथा के दौरान श्रीराम के जयघोष से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा।
बाल संत भोले बाबा ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन भारतीय संस्कृति में आदर्श, कर्तव्य और मर्यादा का अनुपम उदाहरण है। श्रीराम कथा का संदेश जीवन में धारण करने से व्यक्ति के भीतर सेवा, करुणा, संयम और कर्तव्यबोध की भावना मजबूत होती है। पिछले चार दिनों में भी कथा के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से धर्म, भक्ति, संस्कार और सदाचार के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
कथा के पांचवें दिन गौसेवा और गौसंरक्षण का विषय भी प्रमुखता से उठा। बाल संत ने गौमाता की महिमा का वर्णन करते हुए वर्तमान समय में उनकी उपेक्षा पर चिंता जताई और श्रद्धालुओं से गौसेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने सेवा, करुणा और संवेदना को धार्मिक जीवन का महत्वपूर्ण अंग बताया।
श्रीराम कथा की शुरुआत 16 सितंबर को कलश यात्रा के साथ हुई थी। नौ दिवसीय आयोजन 24 सितंबर तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से प्रभु इच्छा तक चलेगा। प्रतिदिन प्रातः 5 से 6 बजे तक नित्य स्तुति एवं प्रार्थना तथा सुबह 6 बजे से प्रभात फेरी का आयोजन भी किया जा रहा है। कथा का सीधा प्रसारण ‘Bal Sant Bhole Baba’ YouTube चैनल पर किया जा रहा है।
आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से शेष दिनों में परिवार सहित श्री कल्याण भवन पहुंचकर कथा श्रवण का लाभ लेने का आग्रह किया है। आयोजन को सफल बनाने में अनिल आर्य, संजय सिंघल, किरोड़ीमल अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, राजू बंसल, महेश गर्ग, ओमप्रकाश सिंघल, अशोक अदमपुरिया, गोविंद गरोड़िया और सुशील गर्ग सहित समिति के सदस्य सहयोग कर रहे हैं।

