मारवाड़ी युवा मंच गुवाहाटी ग्रेटर की साधारण सभा में आगामी प्रकल्पों पर मंथन,‘उम्मीद’ को फिर आयोजित करने की मांग, दीपावली मिलन को व्यापक स्तर पर मनाने का निर्णय
थर्ड आई न्यूज़
गुवाहाटी । मारवाड़ी युवा मंच, गुवाहाटी ग्रेटर शाखा की द्वितीय साधारण सभा रविवार को बी. बरुआ रोड स्थित उत्सव बैंक्विट में आयोजित की गई। सभा की शुरुआत प्रख्यात कलाकार जुबिन गर्ग को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद शाखा की परंपरा के अनुसार असम जातीय गीत हुआ और अध्यक्ष शिव कुमार मोर ने औपचारिक रूप से सभा का शुभारंभ किया।
अध्यक्ष शिव कुमार मोर ने पिछले तीन महीनों के दौरान शाखा की ओर से आयोजित विभिन्न सामाजिक एवं सेवा प्रकल्पों का उल्लेख करते हुए उनके संयोजकों, मार्गदर्शकों, दानदाताओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। सहसचिव रवि गोयल ने सचिवीय प्रतिवेदन प्रस्तुत कर इस अवधि में हुई गतिविधियों की जानकारी दी।
सभा में शाखा के ‘उम्मीद’ प्रकल्प को पुनः आयोजित करने की इच्छा सदस्यों ने व्यक्त की। ‘पिंक डोनेशन’ पहल की भी सराहना की गई। अंबुबाची और कांवड़िया सेवा शिविरों की सफलता में योगदान देने वाले सदस्यों एवं दानदाताओं का तालियों के साथ अभिनंदन किया गया।
रक्तदान प्रकल्प के संयोजक धीरज सुरेखा के प्रयासों की विशेष रूप से सराहना की गई। लाइव डोनेशन और रक्त संग्रह के क्षेत्र में उनके समर्पण एवं सक्रियता के लिए सदस्यों ने उनका उत्साहवर्धन किया।
आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा के दौरान दीपावली मिलन को व्यापक स्तर पर आयोजित करने पर विचार-विमर्श किया गया। कोषाध्यक्ष अरविंद खेमका ने आय-व्यय सहित कोषाध्यक्ष प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
सभा में पूर्व अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, गौतम गोयनका, अजीत दस्सानी, हितेश चोपड़ा और राम भट्टर के साथ वरिष्ठ सदस्य राजेश मित्तल, अनिल शर्मा, रॉबिन पेरीवाल एवं मनीष बोथरा उपस्थित रहे।
सहसचिव नितिन अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन किया। राष्ट्रगान के साथ सभा का समापन हुआ।

