कलश यात्रा के साथ संगीतमय श्रीराम कथा का शुभारंभ

थर्ड आई न्यूज़

गुवाहाटी, 6 जून। श्री राम सत्संग सेवा समिति के तत्वावधान में नौ दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का शुभारंभ शनिवार को श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में हुआ। फैंसी बाजार स्थित एसआरसीबी रोड के सांगानेरिया धर्मशाला में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में मुख्य कथावाचक योगी निवृत्तिनाथ कृष्णा व्यासपीठ पर विराजमान हैं।

कथा के प्रथम दिवस योगी निवृत्तिनाथ कृष्णा ने श्रीराम कथा के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रीराम का जीवन आदर्श, मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर यजमान बलराम चौधरी एवं अनुराधा चौधरी ने विधि-विधान से व्यासपीठ की पूजा-अर्चना की।

इससे पूर्व प्रातः भव्य कलश यात्रा निकाली गई। साधना मंदिर प्रांगण से प्रारंभ हुई यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई कथा स्थल पहुंची। यात्रा के दौरान योगी निवृत्तिनाथ कृष्णा की उपस्थिति में रामायण ग्रंथ का पूजन किया गया। पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित बड़ी संख्या में महिलाओं ने कलश यात्रा में भाग लिया। जय श्रीराम और जय सियाराम के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा।

आयोजकों ने बताया कि संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 2:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक किया जाएगा। नौ दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *